दुर्गावती से सच्चिदानंद सिंह की रिपोर्ट
Asha Workers Strike in Kaimur : कैमूर के दुर्गावती प्रखंड परिसर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पर बकाया मानदेय और पारिश्रमिक भुगतान की मांग को लेकर आशा कार्यकर्ताओं का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शनिवार को चौथे दिन भी जारी रहा. बिहार राज्य आशा कार्यकर्ता संघ (महासंघ गोप गुट/एक्टू) के आह्वान पर आशा और आशा फैसिलिटेटरों ने स्वास्थ्य केंद्र पर जोरदार प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की.
सरकार की बेरुखी से नाराजगी
संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बताया कि वे लंबे समय से सरकार और स्वास्थ्य विभाग से अपने हक के बकाया मानदेय एवं पारिश्रमिक के भुगतान की मांग कर रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. समय पर भुगतान नहीं होने के कारण सभी आशा कार्यकर्ता और उनके परिवार इस समय गहरे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं.
मांग पूरी होने तक आंदोलन
आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि विभाग के इसी उदासीन रवैये के विरोध में बीते 23 जून 2026 से इस अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार की शुरुआत की गई है. प्रदर्शन कर रही कार्यकर्ताओं ने साफ शब्दों में स्पष्ट किया कि जब तक उनके सभी लंबित मानदेय और पारिश्रमिक का पूरा भुगतान नहीं कर दिया जाता, तब तक उनका यह आंदोलन और कार्य बहिष्कार लगातार जारी रहेगा.
प्रशासन पर मढ़ा जिम्मेदारी का ठीकरा
आंदोलनकारी महिलाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि इस लंबे आंदोलन के दौरान स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं पर जो भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, उसकी पूरी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग और संबंधित स्थानीय प्रशासन की होगी. इस प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता और फैसिलिटेटर स्वास्थ्य केंद्र परिसर में एकजुट रहीं और अपनी आवाज बुलंद की.
Also Read : कैमूर में ताजिया जुलूस के दौरान चली गोली!, पिता के दावे पर पुलिस ने दी सफाई
