कैमूर: समावेशी शिक्षा पर मंथन, अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का लिया संकल्प

रामगढ़ प्रखंड के राजकीयकृत मध्य विद्यालय, डहरक में 'समावेशी शिक्षा, हमारा हर बच्चा महत्वपूर्ण' विषय पर अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन हुआ. बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया.

Kaimur News : रामगढ़ प्रखंड के राजकीयकृत मध्य विद्यालय, डहरक में शनिवार को "समावेशी शिक्षा, हमारा हर बच्चा महत्वपूर्ण" विषय पर अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही. बच्चों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यालय-अभिभावक समन्वय को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया.

पुष्पवर्षा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ स्वागत

कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षिका सुनीता कुमारी के नेतृत्व में मीना मंच एवं बाल संसद के सदस्यों द्वारा अभिभावकों के पुष्पवर्षा से स्वागत के साथ हुई. छात्राओं की आकर्षक रंगोली कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही. कक्षा एक एवं दो के विद्यार्थियों ने हिंदी और अंग्रेजी कविता की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं.

हर बच्चे को मिले समान अवसर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक हरिदास शर्मा ने कहा कि समावेशी शिक्षा का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को समान अवसर, सम्मान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा घर पर पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की अपील की.

हर बच्चे की क्षमता के अनुरूप हो शिक्षण

शिक्षक आशीष कुमार मौर्य एवं विजय कुमार सिंह ने कहा कि प्रत्येक बच्चे की सीखने की क्षमता और प्रतिभा अलग होती है. ऐसे में उनकी रुचि और आवश्यकता के अनुरूप शिक्षण गतिविधियों का संचालन ही समावेशी शिक्षा की सफलता की कुंजी है. उन्होंने बच्चों के आत्मविश्वास और सीखने की क्षमता बढ़ाने के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के संयुक्त प्रयास पर बल दिया.

विद्यालय के नवाचारों की अभिभावकों ने की सराहना

संगोष्ठी के दौरान अभिभावकों ने विद्यालय में संचालित पीबीएल (प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग), अनुशासन, नवाचार और बेहतर शैक्षणिक वातावरण की सराहना की. उन्होंने विद्यालय के साथ निरंतर सहयोग का भरोसा दिलाते हुए बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में शिक्षक रविन्द्र नाथ सिंह, संदीप कुमार प्रजापति, विनय कुमार, अनिता चौधरी, माया कुमारी, अजीत कुमार यादव, उर्मिला कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay jaiswal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >