Kaimur News : दूल्हे की कार व सीएनजी ऑटो की टक्कर, ऑटो सवार की मौत, तीन घायल

रफ्तार की मार. तवार गांव के समीप पुल पर हुआ हादसा, मची चीख-पुकार

मोहनिया शहर. सोमवार को मोहनिया-भभुआ पथ के रतवार गांव के समीप दूल्हे की कार और सीएनजी ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गयी. इसमें ऑटो में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गयी. वहीं, तीन लोग घायल हो गये हैं. मौके पर स्थानीय लोगों ने मृत व्यक्ति व घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल भिजवाया. घायलों काे प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया. इधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया. मृतक की पहचान देर शाम हो सकी. वह नुआव थाना के मुखराव गांव निवासी नगीना सिंह के बेटे मनबोध सिंह थे. घायलों में चांद थाना क्षेत्र के पतेसर गांव निवासी बाबर अली के चार वर्षीय पुत्री तमन्ना व स्वर्गीय रहेमुल्ला के पुत्र अब्दुल रशीद, चैनपुर थाना के सिकंदरपुर गांव निवासी आजाद अंसारी के पुत्र नेयाज अंसारी शामिल हैं. जानकारी के अनुसार, भभुआ से सीएनजी ऑटो यात्रियों को लेकर मोहनिया आ रहा था जबकि, मोहनिया के तरफ से बारात से एक दूल्हे की कार भी भभुआ की तरफ जा रही थी. इसी दौरान रतवार गांव के समीप पुल पर कार और ऑटो की आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गयी. इसमें ऑटो में सवार एक व्यक्ति की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. ऑटो सवार तीन लोग घायल हो गये. इधर दुर्घटना के बाद कार सवार दूल्हा सहित अन्य बाराती कार को छोड़ कर घटनास्थल से फरार हो गये. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर आगे की करवाई में जुट गयी है. मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष बतायी जाती है. मनबोध सिंह भभुआ कोर्ट में हाजिरी पर आये थे और वहां से ऑटो पर सवार होकर मोहनिया आ रहे थे. इस दौरान दुर्घटना में मौत हो गयी. मृतक की चार बेटी व एक बेटा हैं. मौत के बाद पत्नी इंदु देवी की रो-रो कर बुरा हाल था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Panchdev kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >