केवां नहर के ओवरफ्लो होने से सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल डूबी

नहर विभाग की लापरवाही से भभुआ व चैनपुर के किसानों में भारी आक्रोश

नहर विभाग की लापरवाही से भभुआ व चैनपुर के किसानों में भारी आक्रोश गेहूं व सरसों की फसल जलमग्न, मुआवजे की मांग भभुआ ग्रामीण. भभुआ व चैनपुर प्रखंड के कई किसानों की सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल केवां नहर के ओवरफ्लो होने से डूब गयी है. सिंचाई के पहले ही गेहूं की फसल जलमग्न हो जाने से किसानों में नहर विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. किसानों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही से हर साल उनकी गेहूं की फसल डूब जाती है, लेकिन अब तक किसी तरह की भरपाई नहीं की गयी है. नहर के ओवरफ्लो होने से देवर्जी, मेहसुआ, बिरना, सिहोरा, बिउर सहित दर्जनों गांवों के किसानों की सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल डूब गयी है. शनिवार की सुबह जब किसान खेतों की ओर गये, तो पूरा सिवाना जलमग्न मिला. क्षेत्र के किसान मृत्युंजय सिंह, जसवंत सिंह, शिवम सिंह, प्रमोद कुमार सहित अन्य किसानों ने बताया कि हर साल नहर विभाग की लापरवाही के कारण उनकी गेहूं की फसल डूब जाती है, जिससे घर की लगी पूंजी बर्बाद हो जाती है. किसानों ने बताया कि अचानक नहर में पानी छोड़े जाने से सैकड़ों एकड़ गेहूं व सरसों की फसल जलमग्न हो गयी है. इस जलभराव से सरसों की फसल को सर्वाधिक नुकसान पहुंचा है. फिलहाल नहर की मेड़ के ऊपर से बह रहे पानी को रोकने के लिए किसान पुआल रखकर पानी रोकने का प्रयास कर रहे हैं. किसानों का कहना है कि इतना पानी कभी धान के सीजन में भी नहीं दिया जाता है, जबकि उस समय पानी की सबसे अधिक जरूरत होती है. धान के समय नहर सूखी रहती है, लेकिन जब फसलों को पानी की आवश्यकता नहीं है, तब नहर में अत्यधिक पानी छोड़ दिया गया है. कई स्थानों पर नहर की मेड़ भी टूट गयी है, लेकिन विभाग की ओर से कोई देखने वाला नहीं है. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह नहर किसानों के लिए हमेशा समस्या का कारण बनी रहती है. एक ओर पैक्सों द्वारा धान की खरीद नहीं होने और व्यापारियों को औने-पौने दाम पर धान बेचने से पहले ही किसान घाटे में हैं, वहीं अब नहर विभाग द्वारा पानी छोड़कर चैती फसलों को भी बर्बाद कर दिया गया है. किसानों ने प्रशासन से मामले की जांच कर क्षतिपूर्ति देने की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >