राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर ग्राम सभाओं का हुआ आयोजन

पंचायतों के सशक्त होने से ही देश के विकास की राह होगी आसान

पंचायतों के सशक्त होने से ही देश के विकास की राह होगी आसान रामपुर. शुक्रवार को क्षेत्र अंतर्गत मुखिया की अध्यक्षता में सभी पंचायत सरकार भवनों पर आम सभा कर राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस मनाया गया. यह आयोजन 73वें संविधान संशोधन अधिनियम के क्रियान्वयन की स्मृति में किया गया. पसाई पंचायत के मुखिया शशिभूषण दुबे उर्फ अप्पू दुबे ने आम सभा में कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर यह दिवस जन-जागरूकता, महिला सशक्तीकरण व जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए समर्पित है. मुखिया ने बताया कि पंचायती राज व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्वशासन व लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण को बढ़ावा देना है. यह व्यवस्था ग्रामीणों को अपने विकास की योजनाएं खुद बनाने में सक्षम बनाती है. उन्होंने पंचायती राज के तीन प्रमुख उद्देश्यों पर प्रकाश डाला. शासन की शक्तियों को केंद्र व राज्य सरकार से हटाकर जमीनी स्तर पर ले जाना, ताकि स्थानीय लोग अपने फैसले स्वयं ले सकें. सड़क, पानी व शिक्षा जैसी ग्रामीण विकास की योजनाओं में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना, जिससे विकास प्रभावी व पारदर्शी हो. कमजोर व वंचित वर्गों व महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल कर ग्रामीण समुदायों को आत्मनिर्भर बनाना. आम सभा में इन उद्देश्यों के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गयी. इस मौके पर सरपंच दीपक कुमार, ग्राम कचहरी सचिव मालती कुमारी, कार्यपालक सहायक नंदनी कुमारी, उपसरपंच व पंच सहित दर्जनों ग्रामीण महिला व पुरुष उपस्थित थे. ग्राम सभा के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पंचायतों के सशक्त होने से ही देश के विकास की राह आसान हो जायेगी. प्रशासन द्वारा की गयी इस पहल से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया व नये विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की गये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >