यूपी में जांच के डर से बिहार सीमा पर थमे बालू लदे ट्रक, जीटी रोड पर लंबा जाम

खनन विभाग की सख्ती से बॉर्डर पर लगा महाजाम, कर्मनाशा तक ट्रकों की लगी कतार

फोटो11.बिहार सीमा में वाहनों की लगी कतार 12.कर्मनाशा नदी पुल पर खड़े बालू लदे वाहन खनन विभाग की सख्ती से बॉर्डर पर लगा महाजाम, कर्मनाशा तक ट्रकों की लगी कतार कर्मनाशा नदी पुल पर घंटों खड़े रहे भारी ट्रक, क्षतिग्रस्त होने की आशंका बढ़ी कड़क धूप में घंटों फंसे रहने से यात्रियों व चालकों को हुई परेशानी कर्मनाशा. उत्तर प्रदेश में खनन विभाग की सख्त जांच के भय से रविवार सुबह बिहार-यूपी सीमा पर बालू लदे वाहनों का आवागमन अचानक थम गया. इसका असर यह हुआ कि जीटी रोड पर बॉर्डर से लेकर कर्मनाशा तक ट्रकों की लंबी कतार लग गयी, जिससे भारी जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी. जानकारी के अनुसार, बिहार के डेहरी ऑन सोन समेत विभिन्न बालू घाटों से बड़ी संख्या में ट्रक बालू लोड कर उत्तर प्रदेश की मंडियों की ओर जाते हैं. इन वाहनों को बिहार क्षेत्र में केवल कर्मनाशा तक का ही चालान मिलता है. इसके बाद यूपी में प्रवेश के लिए ऑनलाइन इएसटीपी कटाना अनिवार्य होता है. हालांकि, कई ट्रक चालक इस प्रक्रिया से बचने के लिए बिना इएसटीपी कटाये ही यूपी में प्रवेश करने की कोशिश करते हैं. इसी राजस्व हानि को रोकने के लिए यूपी खनन विभाग ने रविवार तड़के से ही सीमा पर सघन जांच अभियान शुरू कर दिया. जैसे ही इसकी सूचना ट्रक चालकों को मिली, उन्होंने अपने वाहन बिहार सीमा में ही रोक दिये. देखते ही देखते जीटी रोड पर कई किलोमीटर लंबी लाइन लग गयी व सर्विस लेन सहित मुख्य सड़क की दो-तीन लेन पूरी तरह जाम हो गयी. जाम की वजह से वाराणसी जाने वाले चार पहिया वाहन व यात्री बसें रॉन्ग साइड से निकलने को मजबूर हो गये, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रही. वहीं, कर्मनाशा नदी पुल पर भी भारी संख्या में बालू लदे ट्रक खड़े रहे, जिससे पुल पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की आशंका बढ़ गयी. उल्लेखनीय है कि कोरोना काल के दौरान यह पुल ओवरलोडिंग के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके चलते कई महीनों तक आवागमन बाधित रहा था. विशेषज्ञों के अनुसार, चलते हुए वाहनों से पुल पर ज्यादा असर नहीं पड़ता, लेकिन जब भारी वाहन एक साथ खड़े हो जाते हैं तो दबाव बढ़ जाता है, जिससे संरचना को नुकसान पहुंच सकता है. फिलहाल पुल के नीचे मरम्मत कार्य भी जारी है, ऐसे में इस स्थिति को लेकर चिंता और बढ़ गयी है. कड़क धूप में घंटों फंसे रहने के कारण ट्रक चालक व यात्री दोनों ही परेशान नजर आये. बिहार से यूपी जाने वाले आम वाहनों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. समाचार लिखे जाने तक ट्रकों का आवागमन बाधित रहा व खनन विभाग की जांच जारी थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >