चांद में पुलिया जाम होने से सड़क पर बह रहा नाली का गंदा पानी, राहगीर चोटिल

बदहाल सड़क व जलजमाव से ग्रामीण परेशान, मंदिर जाना भी हुआ दूभर

बदहाल सड़क व जलजमाव से ग्रामीण परेशान, मंदिर जाना भी हुआ दूभर 10 हजार की आबादी व स्कूली बच्चों के लिए मुख्य मार्ग बना मुसीबत चांद. प्रखंड मुख्यालय स्थित चांद गांव को जाने वाली मुख्य सड़क शिव मंदिर के पास काफी बदहाल स्थिति में है. गांव का पानी इसी गली से होकर बहता है. मंदिर के पास बनी छोटी पुलिया जाम पड़ी है तथा सही तरीके से सफाई व मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क पर हमेशा जलजमाव की स्थिति बनी रहती है. इसी रास्ते से गांव की महिलाएं पूजा-अर्चना के लिए शिव मंदिर जाती हैं, लेकिन पानी व कीचड़ से होकर गुजरना उनकी मजबूरी बन गयी है. ग्रामीणों ने बताया कि इसी रास्ते से विद्यालय जाने वाले बच्चे भी आते-जाते हैं, जो अक्सर पानी व फिसलन के कारण गिरकर चोटिल हो जाते हैं. यह सड़क प्रखंड के विभिन्न गांवों को जोड़ने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश जाने का भी मुख्य मार्ग है. लगभग 10 हजार की आबादी इसी रास्ते से आवागमन करती है, लेकिन अब तक न तो किसी जनप्रतिनिधि और न ही प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान इस ओर गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि शिव मंदिर के पास बनी पुलिया टूट गयी है, जिससे पानी की निकासी नहीं हो पाती व गंदगी के कारण बदबू आने लगी है. यदि यहां नयी पुलिया बनाकर नाली को ढंक दिया जाये, तो समस्या का स्थायी निदान हो सकता है. चांद गांव में आने वाली सड़क पर नाली पर ढक्कन नहीं बनने के चलते कूड़ा कचरा नाली में लोग फेंक देते हैं. इसके चलते नाली जाम हो जाती है और पानी की निकासी नहीं हो पाने की स्थिति में इस तरह की समस्या हो रही है. क्या कहते हैं लोग –इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता सोनू सिंह ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाली मुख्य सड़क है, जिससे प्रखंड के कई गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं. मंदिर में पूजा करने जाने वाली महिलाएं तथा विद्यालय जाने वाले बच्चे भी इसी रास्ते का उपयोग करते हैं. प्रतिदिन कोई न कोई व्यक्ति इस सड़क पर गिरकर चोटिल हो जाता है. — ग्रामीण अरुण पांडे ने कहा कि गांव में जाने के लिए यह मुख्य सड़क है, लेकिन इस पर हमेशा पानी भरा रहता है. सरकार को इस दिशा में ध्यान देना चाहिए ताकि सड़क और नाली का निर्माण जल्द हो सके तथा जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके. –विद्यार्थी स्नेहा कुमारी ने कहा कि इस गली में हमेशा पानी भरा रहता है. नालियां जाम रहने के कारण चारों ओर गंदगी फैली रहती है. विद्यालय जाने के लिए इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है. उन्होंने प्रशासन से जल्द समस्या के समाधान करे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >