ब्लैक में गैस बेचने का उपभोक्ताओं ने लगाया आरोप शिकायत दर्ज कराएं, तुरंत उपलब्ध कराया जायेगा सिलिंडर : एसडीएम मोहनिया शहर. स्थानीय शहर में इन दिनों गैस उपभोक्ताओं की परेशानी काफी बढ़ गयी है. कई उपभोक्ताओं के मोबाइल पर गैस के लिए नंबर लगाने के बाद बिना गैस सिलिंडर प्राप्त किये ही डिलीवरी का मैसेज आ रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. शनिवार की दोपहर बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपनी शिकायत लेकर गैस एजेंसी पहुंचे. उपभोक्ताओं का कहना था कि उन्होंने गैस सिलिंडर की बुकिंग करायी थी, ओटीपी भी आया, लेकिन अब तक उन्हें सिलिंडर नहीं मिला है. इसके बावजूद उनके मोबाइल पर सिलिंडर डिलीवर होने का संदेश भेज दिया गया. उपभोक्ताओं ने बताया कि बिना सिलिंडर प्राप्त किये ही डिलीवरी दिखा दिये जाने से उन्हें दोबारा बुकिंग कराने में भी परेशानी हो रही है. दूसरी तरफ कुछ लोगों की यह भी शिकायत है कि डिलीवरी दिखाकर उनका गैस महंगे दाम पर ब्लैक में बेच दिया जा रहा है. इसको लेकर लोगों ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है. मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासन भी सक्रिय हो गया है. अनुमंडल पदाधिकारी रत्ना प्रियदर्शनी ने कहा कि किसी भी उपभोक्ता को गैस से वंचित नहीं रहने दिया जायेगा. उन्होंने बताया कि एजेंसी संचालक से इस संबंध में बात की गयी है. जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल पर बिना सिलिंडर प्राप्त किये ही डिलीवरी का मैसेज आया है, वे एजेंसी पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, उन्हें तुरंत गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जायेगा.
बिना गैस सिलिंडर मिले ही आ रहा डिलीवरी का मैसेज, उपभोक्ताओं में नाराजगी
स्थानीय शहर में इन दिनों गैस उपभोक्ताओं की परेशानी काफी बढ़ गयी है.
