कैमूर के भगवानपुर-मुंडेश्वरी पथ पर अंधेरा, महीनों से बंद पड़ी हैं सभी स्ट्रीट लाइटें

कैमूर के प्रसिद्ध भगवानपुर-मुंडेश्वरी पथ पर महीनों से स्ट्रीट लाइटें बंद हैं, जिससे रात के समय श्रद्धालुओं और आम राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. नहर किनारे टूटे पोल और अंधेरे से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है.

Kaimur News : धार्मिक और पर्यटन महत्व वाले भगवानपुर-मुंडेश्वरी पथ पर पिछले कई महीनों से स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं. श्रद्धालुओं और आम राहगीरों की सुविधा के लिए धार्मिक न्यास की ओर से लगाए गए दर्जनों स्ट्रीट लाइटों में एक भी वर्तमान में जल नहीं रही है. इसके कारण रात के समय इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

नहर किनारे कई पोल टूटकर पड़े हैं

स्थानीय लोगों के अनुसार उच्च स्तरीय नहर के मसहीं वाले हिस्से में कई स्ट्रीट लाइट टूट चुकी हैं, जबकि कई विद्युत पोल उखड़कर सड़क और नहर के बीच लावारिस हालत में पड़े हुए हैं. नहर के सुंदरीकरण और नहर किनारे लगे पेड़ों की छंटाई के दौरान कई स्ट्रीट लाइट के पोल क्षतिग्रस्त होने की बात भी सामने आ रही है.

मसहीं गांव निवासी अरुण कुमार सिंह उर्फ ढुनमुन सिंह, विक्की पांडेय, ललित साहनी और रघुवर बिंद सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सरैयां स्थित मुंडेश्वरी गेट से भगवानपुर बाजार के मुंडेश्वरी गेट तक स्ट्रीट लाइट लगाई गई थी.

रात में श्रद्धालुओं को होती है परेशानी

ग्रामीणों ने बताया कि स्ट्रीट लाइट लगने से रात के समय श्रद्धालुओं और राहगीरों को आवागमन में काफी सुविधा मिलती थी. लेकिन पिछले कई महीनों से लाइट बंद होने के कारण पूरा मार्ग अंधेरे में डूब जाता है. इससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.

सावन में कांवरियों की बढ़ेगी आवाजाही

गौरतलब है कि आगामी 30 जुलाई से सावन मास शुरू होने जा रहा है. इस दौरान बाबा धाम जाने वाले कांवरियों के साथ-साथ रोहतास जिले के पहाड़ी क्षेत्र में स्थित गुप्तनाथ स्वामी मंदिर जाने वाले श्रद्धालु भी माता मुंडेश्वरी धाम पहुंचते हैं.

सावन के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं और कांवरियों के आने की संभावना है. ऐसे में सड़क पर अंधेरा रहने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

न्यास ने विद्युत विभाग से संपर्क करने की कही बात

इस संबंध में धार्मिक न्यास के अकाउंटेंट गोपाल कृष्ण वाजपेयी ने बताया कि स्ट्रीट लाइट खराब होने की जानकारी न्यास के सचिव अशोक कुमार सिंह को दी जाएगी. इसके बाद विद्युत विभाग से बातचीत कर जल्द से जल्द इस मार्ग पर दोबारा रोशनी की व्यवस्था बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pankaj singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >