Kaimur News : बरसात में जल-जमाव, रोजाना लगने वाले जाम और अधूरे विकास कार्यों से परेशान भभुआ शहर को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक रोडमैप तैयार किया है. जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग ने नगर परिषद भभुआ की विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने का सख्त निर्देश दिया. बैठक में जल-जमाव से स्थायी राहत, जाम-मुक्त यातायात, नए पार्कों के निर्माण, प्रमुख स्थलों के सौंदर्यीकरण और लंबित योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया गया.
अधूरे नालों पर बुडको को सख्ती, बरसात से पहले काम पूरा करने का निर्देश
शुक्रवार को समाहरणालय में हुई समीक्षा बैठक में नगर परिषद, बुडको और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विभिन्न योजनाओं की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की गयी. डीएम ने बुडको की ओर से कराये जा रहे नाला निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए शेष सभी अधूरे नालों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बरसात में जल-जमाव से लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए निर्माण कार्यों में अब किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए.
प्रभात खबर ने उठाया था अधूरे नालों का मुद्दा
भभुआ शहर में अधूरे नालों और जल-जमाव की समस्या को लेकर प्रभात खबर ने भी प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर लोगों की परेशानी को सामने रखा था. अब प्रशासन की समीक्षा बैठक में इसी समस्या पर विशेष सख्ती दिखाये जाने से लंबे समय से अधूरे पड़े नाला निर्माण कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जगी है. डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि विकास कार्यों का असर केवल कागजों पर नहीं, बल्कि शहर की सड़कों और मोहल्लों में दिखाई देना चाहिए.
जाम से राहत के लिए बनेगा नया ट्रैफिक रूट प्लान
शहर में लगातार बढ़ रहे वाहनों के दबाव और रोजाना लगने वाले जाम को देखते हुए प्रशासन ने नयी यातायात व्यवस्था तैयार करने का फैसला लिया है. डीएम ने प्रभावी ट्रैफिक रूट प्लान तैयार करने के साथ उपयुक्त पार्किंग स्थलों की पहचान और विकास का निर्देश दिया. बाजार क्षेत्र और प्रमुख सड़कों पर यातायात को व्यवस्थित करने की योजना पर भी चर्चा हुई. प्रशासन का मानना है कि बेहतर पार्किंग व्यवस्था और प्रभावी ट्रैफिक प्लान से भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाम की समस्या कम होगी.
नये पार्कों और सौंदर्यीकरण से बदलेगी शहर की तस्वीर
बैठक में भभुआ को अधिक आकर्षक और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने पर भी जोर दिया गया. डीएम ने नये पार्कों के निर्माण में तेजी लाने और प्रमुख स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि शहर में हरित क्षेत्र बढ़ने से पर्यावरण संतुलन मजबूत होगा और लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिलेंगी. इससे शहर की तस्वीर और समग्र छवि में भी सकारात्मक बदलाव आयेगा.
नल-जल, गली-नाली और आवास योजनाओं की होगी मॉनिटरिंग
समीक्षा के दौरान हर घर नल-जल योजना, गली-नाली पक्कीकरण योजना और हाउसिंग फॉर ऑल (एचएफए) की प्रगति का भी विस्तार से आकलन किया गया. डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले. लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने और लाभार्थियों की विशेष मॉनिटरिंग करने को कहा गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र परिवार को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जायेगा.
लापरवाही पर होगी कार्रवाई, गुणवत्ता जांच भी जरूरी
बैठक के अंत में डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों और संवेदकों को स्पष्ट संदेश दिया कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जायेगी. उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच और तय समय-सीमा के भीतर परियोजनाओं को पूरा कराने का निर्देश दिया. प्रशासन को उम्मीद है कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से भभुआ शहर को जल-जमाव, जाम और अव्यवस्थित शहरी सुविधाओं जैसी पुरानी समस्याओं से राहत मिलेगी.
