शराब तस्करों के विरुद्ध ग्रामीणों ने खोला मोर्चा

शराब तस्करों के विरुद्ध ग्रामीणों ने खोला मोर्चा

एक शराब तस्कर को रंगेहाथ पकड़ा प्रतिनिधि, चैनपुर. स्थानीय थाना क्षेत्र में पुलिस की ओर से लगातार शराब तस्करों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई के बावजूद अवैध शराब के धंधेबाजी पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पा रही है. अब ग्रामीणों ने शराब तस्करों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. इसका ताजा उदाहरण मंगलवार की रात देखने को मिला. ग्रामीणों ने एक शराब तस्कर को रंगेहाथ पकड़ लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब हो गया. घटना कल्यानीपुर के समीप करकटगढ़ गेट के पास पहाड़ी रास्ते की बतायी गयी है. बताया गया कि उत्तर प्रदेश से पहाड़ी रास्ते के जरिये दो शराब तस्कर अलग-अलग बाइकों से शराब की खेप लेकर आ रहे थे. इस दौरान एक तस्कर शराब की खेप लेकर पीछे चल रहा था, जबकि दूसरा आगे-आगे चलकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था और लगातार इसकी जानकारी अपने पीछे चल रहे साथी को दे रहा था. इसी बीच करकटगढ़ गेट के पास ग्रामीणों को दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, तो ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाकर दोनों को घेर लिया. हालांकि, अंधेरे का लाभ उठाकर एक तस्कर मौके से फरार हो गया, लेकिन ग्रामीणों ने साहस दिखाकर एक शराब तस्कर को दबोच लिया. धराये तस्कर की पहचान नरसिंहपुर एराजी इस्माइलपुर निवासी मुन्ना राम के 32 वर्षीय पुत्र राजू राम के रूप में हुई है. फरार तस्कर की पहचान शिवपुर गांव निवासी छविनाथ यादव के पुत्र प्रमोद कुमार के रूप में हुई है. ग्रामीणों की ओर से सूचना दिये जाने पर स्थानीय थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पकड़ाये शराब तस्कर को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने जब तस्कर की पैशन प्रो बाइक पर बंधे बोरे की तलाशी ली, तो उसमें से 198 बोतल देसी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 39.6 लीटर है. थाना अध्यक्ष ने बताया कि अवैध शराब के धंधेबाजी में प्रयुक्त दोनों बाइकों को जब्त कर लिया गया है. धराये शराब तस्कर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी में जुट गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >