सबंधित विभागों को आपसी समन्वय बना कर इस अभियान को सफल बनाने का निर्देश
किसान रजिस्ट्री कराने के बाद सरकार के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ जायेंगे किसान
भभुआ.
बिहार सरकार के मुख्य सचिव के आदेश पर जिले में एग्रीस्टैक परियोजना के तहत शत-प्रतिशत किसानों की आईडी बनाने को लेकर जिला कृषि विभाग की ओर से विशेष शिविर शुरू कराया गया है. यह विशेष शिविर 30 जून तक लगाया जायेगा. शिविर का उद्देश्य प्रत्येक रैयत किसान का पंजीकरण कराना है. इसे लेकर डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसान पंजीकरण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा किया जाये, ताकि जिले के सभी किसानों को सरकार की डिजिटल सेवाओं का लाभ मिल सके. जिलाधिकारी ने कृषि विभाग, राजस्व विभाग और भूमि सुधार विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने और किसानों को पंजीकरण के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया है. किसान अपना फार्मर आइडी नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर, पंचायत के किसान सलाहकार, किसान समन्वयक और हल्का कर्मचारी के माध्यम से बनवा सकते हैं. इसके अलावा किसान बिहार फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल के माध्यम से स्वयं भी पंजीकरण कर सकते हैं. फार्मर रजिस्ट्री के लिए किसानों को आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और अपने नाम से जमाबंदी का दस्तावेज उपलब्ध कराना होगा.पंजीकरण के बाद डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ेंगे किसान
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला कृषि पदाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि फार्मर पंजीकरण पूरा होते ही किसान सरकार के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ जायेंगे. इसके बाद किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित कृषि विभाग की अन्य योजनाओं, अनुदान, फसल बीमा, फसल सहायता अनुदान, केसीसी तथा अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ पारदर्शी और सुगम तरीके से मिल सकेगा.जिला प्रशासन ने किसानों से निर्धारित अवधि के भीतर पंजीकरण कराने की अपील की है, ताकि भविष्य में संचालित सभी कृषि योजनाओं और डिजिटल सेवाओं का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त हो सके.
