रामगढ़ : कैमूर के रामगढ़ थाना क्षेत्र के जमुरना गांव में सोमवार को उस समय मानवता शर्मशार हो गयी जब पड़ोस के एक युवक ने अपने पिता पर हुए कर्ज की भरपायी करने के लिए पड़ोस के हितेश सिंह के तीन वर्षीय बेटे श्रेयांशु का अपहरण कर छह लाख की फिरौती मांगी और फिर पुलिस से बचने के लिए उस मासूम की गला घोट कर हत्या कर दी. शव को ठिकाने लगाने के लिए पहले तो हत्यारे ने अपने पुराने घर के खंडहर में स्थित बंद कुएं की पटिया हटा कर उसमें डालना चाहा लेकिन, उस काम को करने में असमर्थ होने पर उसी घर की दीवार में बनी आलमारी में बंद कर दिया. जल्दबाजी जल्दबाजी में बच्चे के एक पैर का जूता निकल कर खंडहर में ही गिर गया था. इससे बच्चे की हत्या होने की आशंका प्रबल हो गयी थी. रोज की तरह रविवार की सुबह बच्चा उसके घर खेलने गया था.
उसी समय उसने उसे अपने घर में छिपा दिया और शाम करीब तीन बजे गांव के बगल स्थित दुर्गावती नदी के उस पार जाकर मोबाइल नंबर 7250368762 से फोन कर परिजनों से फिरौती की मांग की. जब बच्चा सुबह नौ बजे तक अपने घर नहीं पहुंचा, तो घरवालों ने बच्चे की खोजबीन करनी शुरू की. जब हत्यारे के घरवालों से बच्चे की दादी ने पूछा तो हत्यारे अजीत राज सिंह की बहन प्रियंका जिसकी शादी दुर्गावती थाना क्षेत्र के कस्थरी हुई है, उसी के बच्चे के साथ श्रेयांशु खेला करता था. उसने श्रेयांश को उसके घर छोड़ने की बात कही. बच्चे का पता नहीं चलने पर घरवाले काफी परेशान थे.
शाम होने लगी. इसी बीच फिरौती की मांग की गयी. इसकी सूचना परिजनों ने रामगढ़ थाने को दी. पुलिस के भय से वह बच्चे की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की जुगत में पड़ गया था. पुलिस ने परिजनों की निशानदेही पर अजीत सहित दो अन्य को हिरासत में ले लिया और जब सख्ती से पूछना शुरू किया, तो उसने राज खोल दिये. अकेले घटना को अंजाम देने की बात स्वीकारी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया.
डीएसपी मनोज राम ने बताया कि अभियुक्त ने बताया कि वह अपने एक साथी का वोटर आइडी मांग रखा था, जिसके नाम पर उसने कई सिम ले रखे थे. अपने पिता तेज नारायण सिंह द्वारा कुछ लोगों से लिए गये पांच लाख रुपये कर्ज की भरपाई करने के लिए एक साल से किसी के अपहरण की योजना बना रहा था लेकिन, किसी दूसरे को तो नहीं पर इस मासूम को अपना निशाना बना लिया. पुलिस ने घटना का खुलासा करने के लिए डेहरी से खोजी कुत्ता भी मंगाया है. पुलिस ने कांड संख्या 272/16 दर्ज किया है.
