मोहनिया सदर : निश्चय यात्रा के दौरान सीएम के कैमूर आगमन को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के वार्डों को पूरी तरह खुले में शौच मुक्त करने की कवायद तेज हो गयी है. इसे अंतिम रूप देने में प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है़ इसी क्रम में शुक्रवार को प्रखंड के भरखर गांव के वार्ड नौ को पूर्ण रूप से खुले में शौच मुक्त घोषित करने के लिए डीएम व एसपी पहुंचे.
पंचायत भवन पर ओडीएफ का उद्घाटन डीएम राजेश्वर प्रसाद व एसपी हरप्रीत कौर ने किया. इसके बाद मुखिया द्वारिका प्रसाद व गांव के कुछ ग्रामीणों ने डीएम, एसपी, एसडीएम, बीडीओ आदि को सम्मानित किया गया. डीएम ने कहा कि निश्चय यात्रा पर सीएम के कैमूर आगमन में लगभग 13 दिन शेष रह गये हैं. गांव का सिर्फ एक वार्ड नहीं बल्कि पूरा पंचायत ओडीएफ होना चाहिए. अभी भी हम बहुत पीछे है. न तो हर घर में शौचालय है और न ही अच्छी सड़कें. यहां की गलियां ऐसी हैं कि साइकिल व बाइक से चलना मुश्किल है. इतनी कड़ाके की ठंड में ये स्कूल के छोटे-छोटे बच्चे प्रभातफेरी निकाल कर नारा लगा कर आप लोगों को जागरूक कर रहे हैं कि खुले में शौच न करें. इससे बीमारी फैलती है.
शौचालय बनवाने के नाम पर कुछ लोग कहते हैं हम गरीब हैं लेकिन जब बीमार होते है तो कर्ज लेकर इलाज कराते हैं. यदि हम कर्ज ही सही लेकर शौचालय का निर्माण करा लें और उसका इस्तेमाल करें, तो 80 प्रतिशत बीमारी को तो साफ-सफाई से ही दूर रखा जा सकता है. सिर्फ शौचालय बनवाने से नहीं उसका प्रयोग करने से गांव निर्मल होगा. डीएम ने इसके लिए प्रखंड कोर्डिनेटर अजय राम व बीडीओ अरुण सिंह की प्रशंसा भी की़
एसपी हरप्रीत कौर ने कहा कि आप लोगों को सरकार आर्थिक सहायता के रूप में 12 हजार रुपये शौचालय निर्माण के लिए दे रही है. शौचालय घर की इज्जत है. शौचालय का निर्माण करवाएं. सभी लोग शौचालय का निर्माण करा लें. यह महिलाओं की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी है.
जीविका दीदी लोगों से मेरी अपील है कि स्वच्छता के साथ शराबबंदी को भी कायम रखना है लेकिन, किसी भी जीविका दीदी ने आज तक हमें इस संबंध में फोन कर कोई सूचना नहीं दिया.
छात्राओं को एसपी ने अपना व मोहनिया डीएसपी का मोबाइल नंबर भी लिखवाया और कहा कि किसी भी तरह की सूचना दे सकती हैं. इसके बाद अफसरों ने पानापुर पंचायत के भागीरथपुर व सराय पहुंच वहां हो रहे शौचालय निर्माण का जायजा लिया. इस दौरान प्रखंड प्रमुख रिंकी देवी सहित भरखर के बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला पुरुष उपस्थित रहे.
