मोहनिया से गुर्गे, तो गया के डोभी से सरगना पकड़ाया
मोहनिया : कैमूर पुलिस ने एक बार फिर इंट्री के खिलाफ अभियान शुरू किया है. एसपी हरप्रीत कौर के नेतृत्व में चलाये गये अभियान में पुलिस ने मोहनिया से दो इंट्रीबाजों के अलावा इनके सरगना गया के डोभी के पवन उपाध्याय को गिरफ्तार किया है. पुलिस टीम का नेतृत्व मोहनिया एसडीपीओ मनोज राम कर रहे थे. एसपी हरप्रीत कौर ने बताया कि तीन माह पहले इंट्री माफियाओं के खिलाफ अभियान चला कर कार्रवाई की गयी थी. इस दौरान ट्रकों को अवैध तरीके से चेकपोस्ट पार कराने का धंधा लगभग पूरी तरह बंद हो गया था. लेकिन, एक बार फिर इंट्रीबाजों के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी.
कार्रवाई के लिए एसडीपीओ मनोज राम के नेतृत्व में टीम गठित की गयी. टीम ने जमानत पर छूटे इंट्रीबाज जितेंद्र सिंह व ठाकुर को मोहनिया से गिरफ्तार किया और जब उनके पास से जब्त की गयी मोबाइल को खंगाला. इस दौरान पता चला कि डोभी का पवन उपाध्याय गया के डोभी चेकपोस्ट से अवैध तरीके से ट्रकों को पार कराने का काम करता है. उसका नेटवर्क मोहनिया के समेकित चेकपोस्ट तक फैला हुआ है. इसके बाद पवन की गिरफ्तारी के लिए कैमूर पुलिस गया के डोभी में उसके घर पर पहुंची व गुरुवार की सुबह में छापेमारी की और उसको गिरफ्तार कर लिया गया.
श्रीमती कौर ने बताया कि पवन उपाध्याय इंट्रीमाफिया गिरोह का सरगना है. वह लगभग आठ साल से इंट्री के धंधे में शामिल है. एसपी ने कहा कि जितेंद्र व ठाकुर भी न्यायालय से जमानत पर छूटे थे और एक बार फिर इंट्री का काम करने लगे थे. उनके ऊपर प्राथमिकी दर्ज करने के साथ-साथ जमानत को रद्द करने के लिए भी आवेदन दिया जा रहा है.
