भभुआ (ग्रामीण) : भभुआ-चैनपुर पथ पर बेतरी गांव के पास नशे में धुत कार चालक ने गुरुवार की शाम साइिकल सवार को टक्कर मार दी. इससे साइकिल सवार होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया.
ग्रामीणों ने उसे सदर अस्पताल में भरती कराया. जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन में तैनात होमगार्ड के जवान गजेंद्र ठाकुर साइकिल से अपने गांव सुआवल जा रहा थे. वहीं, बेतरी के पास स्थित शराब भट्टी के पास पहुंचते ही नशे में धुत कार चालक भभुआ वार्ड नंबर 12 के रहनेवाले संतोष सिंह ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने भभुआ-चैनपुर पथ को एक घंटे तक जाम कर दिया. जाम की सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष विजय कुमार सिंह व एसआइ उदय भान सिंह ने घटनास्थल पर पहुंच कर लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया व जाम हटवाया. नशे में धुत कार चालक संतोष सिंह को गिरफ्तार कर थाने लाया.
वहीं, घायल होमगार्ड जवान का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है. इस घटना की सूचना मिलते ही मेजर संतोष ओझा भी घायल होमगार्ड जवान की हाल चाल लेने के लिए सदर अस्पताल पहुंचे.
