भभुआ (कैमूर) : मां मुंडेश्वरी धाम परिसर में इको पार्क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. पिछले कुछ वर्षों से मुंडेश्वरी धाम में इको पार्क निर्माण में आ रहे अतिक्रमण की समस्या वन विभाग के लिए परेशानी की सबब बन गयी थी. इको पार्क पथ पर अतिक्रमण किये दुकानदारों को अब जिला प्रशासन दूसरी जगह उपलब्ध करायेगा. साथ ही धाम की पहाड़ी तक जाने के लिए नये रास्ते का भी निर्माण कराया जायेगा. मुंडेश्वरी धाम को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने को लेकर लगभग दो-तीन वर्ष पहले यहां आये मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रोपवे और इको पार्क बनाने की मंशा जतायी थी.
इस संबंध में रेंज अफसर भभुआ मनोज कुमार ने बताया कि इको पार्क का निर्माण दो भागों में लगभग डेढ़ एकड़ से लेकर दो एकड़ भूमि में कराया जायेगा. वर्तमान में जिस पथ से श्रद्धालु मुंडेश्वरी पहाड़ी की चढ़ाई चढ़ने के ठीक नीचे आइबी के पास तक पहुंचते हैं, वहीं इको पार्क को दो भागों में बांटेगा. इको पार्क का निर्माण में देश में अन्य जगह बनाये गये इको पार्क की तर्ज पर कराया जायेगा. इसके लिए मुंडेश्वरी धाम के आसपास अतिक्रमण को हटाने का काम शुरू हो गया है.
