Jehanabad Road Accident : जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के राजाबाजार बाईपास पर शनिवार देर शाम सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग ठेला चालक को रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दौलतपुर मठिया निवासी गनौरी भगत की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर एनएच-22 जाम कर दिया. करीब दो घंटे से आवागमन बाधित है.
काम खत्म कर घर लौट रहे थे गनौरी भगत
गनौरी भगत ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे. शनिवार देर शाम काम खत्म करने के बाद वह घर लौट रहे थे. इसी दौरान राजाबाजार बाईपास पर सड़क पार करते समय पटना की ओर से रॉन्ग साइड में आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह उछलकर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी.
लोगों ने दोनों बाइक सवारों को पकड़ा
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दौड़कर बाइक सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे. बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
शव सड़क पर रखकर किया एनएच-22 जाम
आक्रोशित परिजनों ने शव को बाईपास के पास सड़क पर रखकर एनएच-22 को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गयी. पुलिस जाम हटवाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास कर रही है. वहीं, पकड़े गये दोनों बाइक सवार युवकों से पूछताछ की जा रही है.
