Liquor Seized : जहानाबाद जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब से लदे एक ट्रक को जब्त किया है. हरियाणा से पटना ले जायी जा रही शराब की खेप बरामद होने की बात कही जा रही है. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, जब्त शराब की कीमत करीब 50 लाख रुपये बतायी जा रही है. कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक और सहचालक को भी गिरफ्तार किया गया है.
मता-धरनई के पास हुई कार्रवाई,
उत्पाद विभाग की पुलिस को मंगलवार दोपहर सूचना मिली थी कि एक ट्रक से अवैध शराब की बड़ी खेप ले जायी जा रही है. सूचना के आधार पर उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित की गयी. टीम ने मखदुमपुर प्रखंड के उमता-धरनई के समीप वाहनों की जांच शुरू की. इसी दौरान संदेह के आधार पर एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गयी.
भूसे के बीच बना रखा था अलग बॉक्स
तलाशी के दौरान ट्रक में भूसे की बोरियों के बीच एक अलग बॉक्स बनाया हुआ मिला. उत्पाद विभाग की टीम ने बॉक्स को खोलकर देखा तो उसमें बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गयी थी. इसके बाद ट्रक को जब्त कर लिया गया और चालक व सहचालक को गिरफ्तार कर लिया गया.
राजस्थान के रहने वाले हैं चालक और खलासी
गिरफ्तार चालक की पहचान राजस्थान निवासी प्रवीण सिंह और सहचालक की पहचान रमेश कुमार मीणा के रूप में की गयी है. जब्त ट्रक को उत्पाद कार्यालय लाया गया है, जहां शराब की बोतलों की गिनती की जा रही है. उत्पाद अधीक्षक के अनुसार, गिनती पूरी होने के बाद शराब की कुल मात्रा और कीमत स्पष्ट हो सकेगी.
20 हजार रुपये में ट्रक ले जाने की बात कही
पूछताछ में चालक और सहचालक ने उत्पाद विभाग को बताया कि उन्हें ट्रक ले जाने के लिए 20 हजार रुपये दिये गये थे. दोनों ने दावा किया कि उन्हें ट्रक में शराब रखे होने की जानकारी नहीं थी. हालांकि, उत्पाद विभाग की टीम उनके दावे की जांच कर रही है.
शराब की खेप से जुड़े लोगों की तलाश
उत्पाद विभाग की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लायी गयी थी और इसे पटना में किसे पहुंचाया जाना था. अधिकारियों के अनुसार, मामले में शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है.
