जहानाबाद : कलेर में बेकाबू थार का कहर. मां-बेटी को रौंदा, बच्ची की मौत, दो महिलाएं गंभीर

मेहंदिया थाना क्षेत्र के एनएच-139 पर अनियंत्रित थार ने मां-बेटी को रौंदा। हादसे में एक युवती की मौत, दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल। पुलिस ने गाड़ी जब्त की।

मेहंदिया थाना क्षेत्र के कोनी कुट्टी स्थित एनएच-139 के किनारे रविवार को अनियंत्रित थार वाहन ने सड़क किनारे बैठी मां-बेटी को रौंद दिया. हादसे में 9 वर्षीय रागिनी कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि उसकी मां मुन्नी देवी गंभीर रूप से घायल हो गयी. इसके बाद अनियंत्रित थार ने एक गुमटी और मकान में भी टक्कर मार दी. हादसे में मकान के आगे बर्तन धो रही सुनामी कुमारी भी गंभीर रूप से घायल हो गयी.

मृतक के परिजनों को पारिवारिक लाभ का चेक देते वीडियो, घटनास्थल पर लगी लोगों की भीड़, थार गाड़ी जिससे घटना हुई | Prabhat Khabar Network

एनएच-139 किनारे बैठी मां-बेटी को थार ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, कोनी कुट्टी गांव निवासी धनंजय चंद्रवंशी की पत्नी मुन्नी देवी अपनी बेटी रागिनी कुमारी के साथ एनएच-139 के किनारे प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री के पास बैठी थीं. इसी दौरान मेहंदिया की ओर से कलेर की तरफ जा रही काले रंग की थार अचानक अनियंत्रित हो गयी और मां-बेटी को जोरदार टक्कर मार दी.

हादसे में रागिनी की मौके पर ही मौत

थार की टक्कर इतनी भीषण थी कि रागिनी कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वहीं उसकी मां मुन्नी देवी गंभीर रूप से घायल हो गयी. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गयी और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गये.

गुमटी में टक्कर के बाद मकान से भिड़ी थार

मां-बेटी को टक्कर मारने के बाद भी थार नहीं रुकी. कुछ दूरी आगे सड़क किनारे स्थित एक गुमटी में वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे गुमटी क्षतिग्रस्त हो गयी. संयोगवश हादसे के समय गुमटी के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी घटना टल गयी.

बर्तन धो रही युवती को भी वाहन ने रौंदा

गुमटी को टक्कर मारने के बाद थार बगल में स्थित उपेंद्र पासवान के मकान से जा टकरायी. उस समय मकान के सामने उपेंद्र पासवान की पुत्री सुनामी कुमारी बर्तन धो रही थी. वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गयी.

दोनों घायल महिलाओं को सदर अस्पताल रेफर

घटना के बाद मुन्नी देवी और सुनामी कुमारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. दोनों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है.

हादसे के बाद ग्रामीणों ने एनएच-139 किया जाम

रागिनी की मौत और दो महिलाओं के घायल होने की घटना से ग्रामीण आक्रोशित हो गये. बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क जाम कर दिया. इससे एनएच-139 पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क के दोनों ओर यातायात बाधित हो गया.

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने समझाकर हटाया जाम

सड़क जाम की सूचना मिलने पर मेहंदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, कलेर बीडीओ सुशील कुमार, माले नेता जितेंद्र यादव और लोजपा नेता वशिष्ठ पासवान समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे. अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया. इसके बाद सड़क पर यातायात बहाल कराया गया.

मृतका के परिजनों को 20 हजार रुपये की सहायता

कलेर बीडीओ सुशील कुमार ने मृतका रागिनी कुमारी के आश्रितों को पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की. प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन भी दिया गया.

मृतक के परिजनों को पारिवारिक लाभ का चेक देते वीडियो, घटनास्थल पर लगी लोगों की भीड़, थार गाड़ी जिससे घटना हुई | Prabhat Khabar Network

पुलिस ने काली थार को किया जब्त

मेहंदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार ने बताया कि हादसे में शामिल काले रंग की थार को पुलिस ने जब्त कर लिया है. टक्कर के बाद वाहन घटनास्थल पर ही खड़ी हो गयी थी, जिसे पुलिस थाना ले गयी. मामले की जांच की जा रही है.

गांव में शोक और आक्रोश का माहौल

हादसे में रागिनी कुमारी की मौत और मुन्नी देवी व सुनामी कुमारी के गंभीर रूप से घायल होने के बाद कोनी कुट्टी और आसपास के इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और एनएच-139 पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजनी कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >