अरवल एसपी नवजोत सिमी ने सुनीं ग्रामीणों की शिकायतें, निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई का दिया भरोसा

अरवल एसपी नवजोत सिमी ने मेहंदिया थाना परिसर में जनता दरबार लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं. सूखा नशा, बिजली तार, फर्जी मुकदमे जैसे मुद्दों पर त्वरित जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया गया.

Arwal News : कलेर के मेहंदिया थाना परिसर में गुरुवार को अरवल एसपी नवजोत सिमी की ओर से जनता दरबार आयोजित किया गया. इसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं सीधे एसपी के सामने रखीं. जनता दरबार में क्षेत्र में बढ़ रहे 'सूखा नशा' के प्रचलन पर रोक लगाने से लेकर मेहंदिया पुल के निर्माण, 11 हजार वोल्ट के बिजली तार से खतरे, कथित फर्जी मुकदमे और सरपंच कार्यालय में चौकीदार की कमी जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए.

कथित फर्जी मुकदमे से मुक्ति की गुहार

बोध बिगहा गांव निवासी लक्ष्मण राम ने एसपी से मुलाकात कर अपने ऊपर दर्ज कथित फर्जी मुकदमे की निष्पक्ष जांच कराने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई. उन्होंने मामले की जांच कर उन्हें राहत दिलाने की मांग की.

वहीं, निरंजनपुर-इस्माइलपुर कोयल पंचायत के मुखिया आनंद सिन्हा ने आबादी वाले इलाके से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित कराने की मांग की. उन्होंने बताया कि हाई वोल्टेज तार से ग्रामीणों में हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. बीते दिनों एक शिक्षक के साथ भी गंभीर घटना होने की बात उन्होंने एसपी को बताई.

सरपंच कार्यालय में चौकीदार की मांग

इसी पंचायत के सरपंच ने सरपंच कार्यालय में चौकीदार की बहाली अथवा प्रतिनियुक्ति का मामला उठाया. उन्होंने कहा कि कार्यालय में चौकीदार नहीं रहने के कारण सुरक्षा, नोटिस और अन्य जरूरी कार्यों में परेशानी होती है. जनता दरबार में पहुंचे ग्रामीणों ने क्षेत्र में फैल रहे 'सूखा नशा' के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग भी की. इसके अलावा मेहंदिया पुल के निर्माण समेत क्षेत्र की अन्य समस्याओं से एसपी को अवगत कराया.


मेहंदिया थाने में लगा पुलिस अधीक्षक का जनता दरबार | Prabhat Khabar Network

थाना के लंबित कांडों की समीक्षा

जनता दरबार समाप्त होने के बाद एसपी ने मेहंदिया थाना का निरीक्षण किया. इस दौरान थाना में दर्ज विभिन्न कांडों की समीक्षा की गई. उन्होंने लंबित मामलों की स्थिति, अनुसंधान की प्रगति, आरोपितों की गिरफ्तारी और कांडों के निष्पादन को लेकर पुलिस पदाधिकारियों से जानकारी ली. एसपी ने अनुसंधान में तेजी लाने और लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया. साथ ही अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर थाना पुलिस को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा. मौके पर मेहंदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

शिकायतों की जांच कर होगी कार्रवाई : एसपी

एसपी नवजोत सिमी ने सभी फरियादियों की समस्याओं को बारी-बारी से सुना. उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों को अपनी शिकायत सीधे पुलिस प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर देना है. प्राप्त शिकायतों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मामलों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए. एसपी ने आम लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की.

मेहंदिया थाने में लगा पुलिस अधीक्षक का जनता दरबार | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anjani kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >