Jehanabad News: रतनी फरीदपुर प्रखंड अंतर्गत वभना-शकुराबाद मुख्य मार्ग स्थित शकुराबाद बस स्टैंड के समीप मोरहर नदी पर बने पुल के ऊपर से लगभग एक फीट से अधिक पानी का तेज बहाव हो रहा है. नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाने के कारण पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया है. इसके बावजूद स्थानीय ग्रामीण और वाहन चालक जान जोखिम में डालकर पुल पार कर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है. सूचना मिलने के बाद भी प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाने से स्थानीय लोगों में चिंता है.
जेसीबी से हटाई गई जलकुंभी, नोआवां सूल्सगेट टूटा
पुल के नीचे पानी के बहाव को सुचारू करने और अवरोध हटाने के लिए सोमवार को जेसीबी मशीन लगाकर जमा जलकुंभी को हटाया गया. वहीं दूसरी ओर, वल्दैया नदी पर नोआवां स्थित सूल्सगेट क्षतिग्रस्त व टूटा होने के कारण पानी रुक नहीं पा रहा है और बहकर निकल जा रहा है. इस वजह से नदी किनारे के खेतों तक सिंचाई का पानी न पहुंचने से किसानों को नदी में आए उफान का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है.
खेतों में फैला पानी, बाढ़ जैसे हालात के बीच किसानों में खुशी
मोरहर और वल्दैया नदियों में जलस्तर बढ़ने से रतनी फरीदपुर के साथ-साथ जहानाबाद सदर और मखदुमपुर प्रखंड के किसानों में खुशी का माहौल भी देखा जा रहा है. तीनों प्रखंडों के दर्जनों गांवों के खेतों में पानी तेजी से फैल रहा है, जिससे धान की फसल को राहत मिली है. हालांकि, निचले इलाकों में पानी भरने से कई जगहों पर बाढ़ जैसा दृश्य उत्पन्न हो गया है.
वरीय अधिकारियों को दी गई सूचना: थानाध्यक्ष (कोट)
"मोरहर नदी का जलस्तर काफी तेजी से बढ़ रहा है और शकुराबाद पुल के ऊपर से पानी की तेज धार बह रही है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को तत्काल सूचना दे दी गई है. पुल पर आवागमन को नियंत्रित करने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जल्द ही पुलिस बल की तैनाती व अन्य एहतियाती इंतजाम किए जाएंगे." — आशुतोष कुमार, थानाध्यक्ष, शकुराबाद
Also Read: जहानाबाद: मोरहर- दरधा में उफान, शकूराबाद पुल डूबा, जाफरगंज के घरों तक पहुंचा पानी
