जहानाबाद के सलारपुर में बाराती व शराती पक्ष के बीच जमकर मारपीट

जहानाबाद के सलारपुर गांव में एक शादी समारोह में डीजे पर नाचने के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. यह विवाद देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया, जिसमें एक दर्जन लोग घायल हो गए.

Jahanabad News: जहानाबाद के रतनी प्रखंड के शकुराबाद थाना क्षेत्र स्थित सलारपुर गांव में मंगलवार देर रात शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. बाराती और स्थानीय लोगों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी में बदल गई. घटना में लगभग दर्जनभर लोग घायल हो गए, जिससे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई.

डीजे पर नाचने के दौरान शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार सलारपुर गांव निवासी लोभी बिंद के घर ओकरी थाना क्षेत्र के अनंतपुरा कुरुआ गांव से बारात आई थी. पारंपरिक देवपूजन के लिए बाराती डीजे की धुन पर नाचते-गाते जा रहे थे. इसी दौरान किसी मामूली बात को लेकर बारात पक्ष और स्थानीय युवकों के बीच विवाद हो गया. कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई.

मारपीट के बाद चाकूबाजी, कई लोग गंभीर घायल

मारपीट में बारात पक्ष के प्रवीण कुमार समेत कई लोग घायल हो गए. आरोप है कि इसके बाद गुस्साए कुछ बाराती जलमासा पहुंचे, जहां टेंट-समियाना में काम कर रहे मजदूर साहिल कुमार, सूरज कुमार, नागेंद्र कुमार और शंभू कुमार पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए.

घायलों को PMCH किया गया रेफर

घटना की सूचना पर डायल 112 की टीम और शकुराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची. सभी घायलों को पहले रामाश्रय प्रसाद सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शकुराबाद ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर किया गया. वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए सूरज कुमार, साहिल कुमार, नागेंद्र कुमार और शंभू कुमार को बेहतर इलाज के लिए पटना PMCH भेज दिया गया. इनमें नागेंद्र कुमार और शंभू कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है.

पुलिस जांच में जुटी, चाकू का कवर बरामद

शकुराबाद थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि बाराती और स्थानीय लोगों के बीच मारपीट और चाकूबाजी की घटना हुई है. ग्रामीणों ने तीन बारातियों को पकड़कर उनकी भी पिटाई की थी, जिन्हें पुलिस ने छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया. पुलिस को घटनास्थल से चाकू नहीं मिला, लेकिन चाकू का कवर बरामद हुआ है. आवेदन मिलने के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पटना-गया एनएच-22 पर घर पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें, मौत के बाद ग्रामीणों ने घंटों किया सड़क जाम


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Avinash kumar

Published by: Karuna Tiwari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >