jehanabad News : जर्जर बिजली के तार को सभी जगह बदलने की तैयारी पूरी

जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित व सुदृढ़ बनाने के लिए नए साल में व्यापक स्तर पर कार्य किया जायेगा.

जहानाबाद सदर. जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित व सुदृढ़ बनाने के लिए नए साल में व्यापक स्तर पर कार्य किया जायेगा. जहां कहीं भी बिजली के जर्जर तार लटके हुए हैं या बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, उन सभी को बदलने का कार्य युद्धस्तर पर किया जायेगा. इसके लिए साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं. कंपनी द्वारा पूर्व निर्धारित प्लान के अनुसार कार्य को चरणबद्ध तरीके से अंजाम दिया जायेगा. ज्ञात हो कि शहरी क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के तार लटकने की समस्या थी. दुर्गा पूजा के पूर्व साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा युद्धस्तर पर कार्य कर इन जर्जर तारों को दुरुस्त किया गया था. इसके बाद शहरी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था काफी हद तक चुस्त और दुरुस्त हो गयी थी. लोगों को सुचारू रूप से बिजली मिलने लगी, जिससे उपभोक्ताओं को काफी राहत मिली. अब विभाग ने पूरे जिले में सर्वे कराया है. सर्वे के दौरान जहां भी बिजली के पोल और तार खराब पाये गये हैं, वहां पुराने पोल और तार हटाकर नये पोल और तार लगाये जायेंगे.

कृषि फीडर को किया जायेगा सशक्त

नये साल में कंपनी द्वारा कृषि फीडर को भी मजबूती प्रदान करने का काम किया जायेगा. इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. जो भी किसान कृषि फीडर के लिए कनेक्शन की मांग करेंगे, उन्हें जांच के उपरांत शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराया जायेगा. आवश्यकता पड़ने पर ट्रांसफॉर्मर भी मुहैया कराया जायेगा. इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों की पटवन के लिए बिजली पहुंचाने का कार्य भी तेज किया जायेगा. पिछले वर्ष आधा दर्जन से अधिक गांवों में खेतों की सिंचाई के लिए विशेष रूप से बिजली के पोल और तार लगाये गये थे. इस बार विशेष योजना के तहत खेती की पटवन के लिए बिजली की व्यवस्था को और विस्तार देने की तैयारी है, ताकि किसानों को सिंचाई में किसी प्रकार की परेशानी न हो. इस संबंध में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी, जहानाबाद के कार्यपालक अभियंता नंदलाल चौधरी ने कहा कि बिजली व्यवस्था में लगातार सुधार हो रहा है. नए साल में इसे और बेहतर बनाया जायेगा. कहीं भी जर्जर तार की समस्या नहीं रहने दी जायेगी. उपभोक्ताओं को निर्बाध और सुचारू बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग का मुख्य उद्देश्य है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shah abid hussain

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >