जहानाबाद में मैट्रिक का फॉर्म भरने स्कूल गई 15 वर्षीय किशोरी लापता: पिता के मोबाइल पर आया वॉट्सऐप मैसेज— 'मुझे मत ढूंढिए', FIR दर्ज

जहानाबाद में मैट्रिक का फॉर्म भरने गई 15 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता. परिजनों ने अपहरण का मामला दर्ज कराया, पुलिस जांच में जुटी.

Jehanabad News: नगर थाना क्षेत्र से एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़िता के पिता ने नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई है. आवेदन के अनुसार, किशोरी अपनी मां के साथ राज संपोषित बालिका उच्च विद्यालय में मैट्रिक बोर्ड परीक्षा का फॉर्म भरने गई थी. स्कूल के मुख्य गेट पर उसने फॉर्म की फीस के लिए मां से पैसे लिए और यह कहकर अंदर चली गई कि वह फॉर्म जमा कर तुरंत बाहर आ रही है.

काफी देर तक नहीं लौटी तो हुई खोजबीन

काफी समय बीतने और शाम ढलने के बावजूद जब किशोरी बाहर नहीं निकली, तो परेशान मां ने स्कूल परिसर के अंदर जाकर खोजबीन शुरू की. जब उन्होंने स्कूल की प्रधानाध्यापिका से संपर्क किया, तो पता चला कि छात्रा परिसर में आई तो जरूर थी, लेकिन उसने परीक्षा से संबंधित कोई फॉर्म जमा नहीं किया है. इस खुलासे के बाद परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत आसपास व संभावित ठिकानों पर तलाश तेज कर दी.

आरोपी के परिजन भी हैरान

परिजनों द्वारा अपने स्तर पर की गई पड़ताल में सामने आया कि उनके ही मोहल्ले का रहने वाला एक युवक किशोरी को शादी करने की नीयत से बहला-फुसलाकर भगा ले गया है. जब पीड़ित परिवार युवक के घर पूछताछ करने पहुंचा, तो आरोपी के माता-पिता ने भी लाचारी जताते हुए कहा कि उनका बेटा भी उसी समय से घर से गायब है. इसके बाद पीड़ित पिता ने सीधे थाने पहुंचकर युवक के खिलाफ बहला-फुसलाकर अगवा करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया.

जांच में जुटी पुलिस

घटना के अगले दिन अचानक पीड़ित पिता के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से वॉट्सऐप मैसेज आया, जिसमें लिखा था— "आप लोग मुझे ढूंढना छोड़ दीजिए, मैं जहां भी हूं सही हूं." परिजनों ने घबराकर तुरंत उस नंबर पर कॉल कर बात करने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन नंबर तुरंत स्विच ऑफ कर दिया गया, जो लगातार बंद आ रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस तकनीकी अनुसंधान और सर्विलांस के आधार पर आरोपी युवक की गिरफ्तारी तथा नाबालिग किशोरी की सकुशल बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी कर रही है.

Also Read: जहानाबाद के होरिलगंज में दरधा नदी किनारे पुलिस की छापेमारी: 50 पुड़िया गांजा बरामद, पुलिस को देख नदी की ओर भागे तस्कर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >