जहानाबाद में कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को नमन, जिला प्रशासन ने स्मारक पर अर्पित की श्रद्धांजलि

जहानाबाद में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर अधिकारियों ने वीर सैनिकों के बलिदान को याद किया.

जहानाबाद नगर. कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल चौक स्थित शहीद स्मारक पर जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर कारगिल युद्ध के अमर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.

वीर सैनिकों के बलिदान को किया याद

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च समर्पण का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि आज देशवासी जिस सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहे हैं, वह हमारे वीर सैनिकों और शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है.

राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणा देता रहेगा शहीदों का पराक्रम

जिला पदाधिकारी ने कारगिल युद्ध के सभी अमर वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका त्याग, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति हमेशा देशवासियों को राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा के लिए प्रेरित करती रहेगी. उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान देश के लिए सदैव गौरव का विषय रहेगा.

राष्ट्रगान के साथ व्यक्त की गई देशभक्ति की भावना

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, सैनिकों, मीडिया कर्मियों और अन्य लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर वीर शहीदों के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना व्यक्त की. कार्यक्रम में देश की एकता और अखंडता के लिए शहीदों के योगदान को याद किया गया.

पूर्व सैनिकों ने भी अर्पित किए श्रद्धासुमन

इस अवसर पर पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जहानाबाद के अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष ललन कुमार, सचिव संतोष कुमार और जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के सैनिकों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया.

जिला प्रशासन के अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष, अपर समाहर्ता (राजस्व), जिला परिवहन पदाधिकारी, अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम), अनुमंडल पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला परियोजना पदाधिकारी (नमामि गंगे) सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में सैनिकगण उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mritunjay Jehanabad

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >