जहानाबाद में लोक शिकायतों के समाधान पर डीएम सख्त, 7,462 आवेदनों में 6,801 का हुआ निष्पादन

जहानाबाद डीएम ने लोक शिकायत निवारण और सहयोग शिविर के लंबित आवेदनों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द निपटाने के निर्देश दिए हैं। जनता दरबार पर भी जोर दिया गया।

जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोक शिकायत निवारण एवं सहयोग शिविर से संबंधित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए. इस दौरान सहयोग शिविर से प्राप्त आवेदनों और उनके निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की गयी.

सहयोग शिविर में मिले 7,462 आवेदन, 6,801 का निष्पादन

समीक्षा के दौरान बताया गया कि सहयोग शिविर के माध्यम से जिले में अब तक कुल 7,462 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें से 6,801 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है. जिले की लंबितता दर 4.42 प्रतिशत बतायी गयी. डीएम ने विभागवार लंबित आवेदनों की जानकारी लेते हुए उनके त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया.

लंबित तीन आवेदनों को प्राथमिकता से निपटाने का निर्देश

जिला पदाधिकारी ने राज्य स्तरीय सहयोग पोर्टल पर लंबित तीन आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए. साथ ही निष्पादन से संबंधित प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपलोड करने को कहा.

औपचारिक कार्रवाई नहीं, समस्या का हो प्रभावी समाधान

डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों का निष्पादन केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए. आवेदकों की वास्तविक समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए. जिन मामलों में कारण बताओ नोटिस जारी किया जा चुका है, उनका भी जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया गया.

जहानाबाद में जमीन विवाद के समाधान के लिए जनता दरबार

आम नागरिकों की भूमि संबंधी समस्याओं के स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान के लिए डीएम ने सभी अंचल पदाधिकारियों को जनता दरबार आयोजित करने के निर्देश की भी समीक्षा की. उन्होंने अंचल पदाधिकारियों को प्रतिदिन पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 1 बजे तक जनता की समस्याएं सुनने और प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की जानकारी रखने का निर्देश दिया.

शनिवार को अंचल स्तर पर सुनी जाएंगी लोगों की शिकायतें

डीएम ने कहा कि शनिवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार में आम नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे संबंधित अंचल पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष के समक्ष रख सकेंगे. इससे भूमि विवाद समेत अन्य स्थानीय समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी.

सहयोग शिविर और जनता दरबार का लाभ उठाने की अपील

जिला पदाधिकारी ने आम लोगों से सहयोग शिविर, लोक शिकायत निवारण व्यवस्था और जनता दरबार का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता की समस्याओं के पारदर्शी, संवेदनशील, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान के लिए प्रतिबद्ध है.

अरवल में मिड-डे मील में कीड़े मिले, बच्चों ने फेंका खाना, डीएम ने दिया FIR का आदेश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मृत्युंजय कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >