जहानाबाद में एसपी कोटा किरण का एक्शन, 24 घंटे अलर्ट मोड में पुलिस. एक दिन में 14 गिरफ्तारी, 145 लीटर शराब बरामद

जहानाबाद में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एसपी कोटा किरण के नेतृत्व में पुलिस का विशेष अभियान जारी है. रात में अचानक थानों का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों में सतर्कता और अपराधियों में भय पैदा किया जा रहा है. इस अभियान में 14 गिरफ्तारियां, भारी मात्रा में शराब बरामद और चोरी रोकने के लिए विशेष सेल का गठन किया गया है.

जहानाबाद जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक कोटा किरण के नेतृत्व में जहानाबाद पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है. युवा आईपीएस अधिकारी द्वारा रात में बिना पूर्व सूचना के विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है. इससे पुलिसकर्मियों में सतर्कता बढ़ी है, वहीं अपराधियों में भी पुलिस कार्रवाई का डर देखने को मिल रहा है.

एक दिन में 14 गिरफ्तार, 145 लीटर देसी शराब बरामद

17 जुलाई को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कांड एवं वारंट से जुड़े 9 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा. वहीं, शराबबंदी अभियान के तहत 145 लीटर देसी शराब बरामद की गई. पुलिस ने 1,135 किलोग्राम जावा-महुआ नष्ट करते हुए 7 अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया. इस कार्रवाई में शराब तस्करी से जुड़े 5 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया तथा शराब बनाने में प्रयुक्त एक उपकरण जब्त किया गया.

यातायात नियम तोड़ने वालों से वसूला गया जुर्माना

विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की. इस दौरान कुल 94,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया. पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है.

चोरी रोकने के लिए हर वार्ड में बनाई गई स्पेशल सेल

शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एसपी के निर्देश पर प्रत्येक वार्ड में स्पेशल सेल का गठन किया गया है. हर सेल में दो पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जिन्हें देर रात तक संकरी गलियों में सायरन लगी बाइक से गश्त करने का निर्देश दिया गया है. पुलिस का दावा है कि इस विजिबल पेट्रोलिंग का सकारात्मक असर दिखने लगा है और हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में कमी दर्ज की गई है.

एसपी बोले. जनता की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध

पुलिस अधीक्षक कोटा किरण ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की सक्रियता के साथ-साथ आम नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है. उन्होंने कहा कि जहानाबाद पुलिस 24 घंटे आम लोगों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >