Jehanabad News: (अविनाश कुमार की रिपोर्ट) जहानाबाद जिले के रतनी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत फौलादपुर गांव में इन दिनों भक्ति और अध्यात्म की बयार बह रही है. गांव में आयोजित भव्य श्री राम महायज्ञ के पावन अवसर पर सोमवार की रात पांच दिवसीय संगीतमय रामलीला कार्यक्रम का शानदार शुभारंभ किया गया. इस भव्य सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि सह रतनी पंचायत की मुखिया श्रीमती गीनी देवी द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा रिबन काटकर किया गया.
उद्घाटन के बाद जनसमूह को संबोधित करते हुए मुखिया श्रीमती गीनी देवी ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का कोई सांस्कृतिक माध्यम नहीं है, बल्कि यह हमारी महान सनातन संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के दिव्य जीवन मूल्यों व आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है. उन्होंने कहा कि भगवान राम का जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी धर्म और धैर्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है.
मंच पर जुटे क्षेत्र के कई दिग्गज, जय श्रीराम के उद्घोष से गुंजा इलाका
रामलीला के शुभारंभ के अवसर पर मंच पर कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध जीवी और समाजसेवी उपस्थित रहे. कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन प्रसिद्ध शिक्षक एवं समाजसेवी पंचदेव कुमार प्रभाकर, स्थानीय सरपंच शुभम कुमार, पैक्स अध्यक्ष सुरेश सिंह और उपमुखिया सावित्री देवी का यज्ञ कमिटी के सदस्यों द्वारा अंगवस्त्र और माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया
उद्घाटन सत्र के बाद जैसे ही कलाकारों द्वारा रामलीला के प्रथम दृश्य का मंचन शुरू किया गया, वैसे ही पंडाल में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ ‘जय श्री राम’ और ‘मर्यादा पुरुषोत्तम राम की जय’ के गगनभेदी नारे लगाने लगी, जिससे पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा.
आसपास के गांवों में भी खुशी का माहौल, सुरक्षा के हैं पुख्ता इंतजाम
इस महायज्ञ और रामलीला कार्यक्रम को लेकर न केवल फौलादपुर, बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों में बेहद खुशी और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है. प्रतिदिन देर शाम से ही रामलीला देखने के लिए दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों का मेला परिसर में आगमन हो रहा है. ग्रामीणों की इस उत्साहपूर्ण सहभागिता ने पूरे आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया है.
यज्ञ कमिटी के वरिष्ठ सदस्यों ने बताया कि भगवान श्रीराम की असीम कृपा समस्त क्षेत्रवासियों पर बनी रहे और यह आयोजन समाज में शांति व समरसता का संदेश फैलाए, इसी उद्देश्य के साथ यह अनुष्ठान कराया जा रहा है. मेले और पंडाल में भीड़ को देखते हुए वालंटियर्स की विशेष टीम तैनात की गई है, जो सुरक्षा और व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है. देर रात तक चलने वाली इस रामलीला से पूरा क्षेत्र पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा नजर आ रहा है.
Also Read: अरवल के चन्दा गांव में भक्तिमय माहौल, श्रीमद् भागवत कथा सुनने पहुंच रहे हजारों श्रद्धालु
