जहानाबाद से संजय अनुराग. जहानाबाद के काको थाना क्षेत्र के रसलपुर गांव में खेत के पास गिरे 440 वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से झुलस गयी. घटना के बाद महिला को आनन-फानन में इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसे भर्ती कर इलाज किया जा रहा है.
खेत के पास रास्ते में गिरा था 440 वोल्ट का तार
प्राप्त जानकारी के अनुसार रसलपुर गांव निवासी अजीत कुमार की पत्नी बिंदु देवी अपने घर से खेत की ओर जा रही थीं. इसी दौरान खेत के पास रास्ते में गिरे 440 वोल्ट के बिजली तार से उनका पैर टकरा गया. तार में करंट प्रवाहित होने के कारण महिला को जोरदार बिजली का झटका लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गयी.
महिला की चीख सुनकर दौड़े ग्रामीण
करंट की चपेट में आने के बाद बिंदु देवी की चीख सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने किसी तरह महिला को बिजली के तार के संपर्क से बाहर निकाला. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया.
सदर अस्पताल में चल रहा महिला का इलाज
अस्पताल में महिला को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है. करंट लगने से महिला गंभीर रूप से झुलस गयी है. घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है.
बिजली विभाग की कार्यशैली पर ग्रामीणों में नाराजगी
घटना को लेकर रसलपुर गांव के ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जतायी है. ग्रामीणों का कहना है कि गांव और बधार में अक्सर बिजली के तार टूटकर जमीन पर गिर जाते हैं या काफी नीचे झूलते रहते हैं. इससे आने-जाने वाले लोगों के करंट की चपेट में आने का खतरा बना रहता है.
ग्रामीणों ने व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली के तारों की स्थिति को लेकर कई बार समस्या सामने आती रही है, लेकिन विभाग की ओर से पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता है. ग्रामीणों ने बिजली के तारों की जांच कराने और जर्जर व नीचे झूल रहे तारों को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना से लोगों को बचाया जा सके.
