जहानाबाद: दरधा नदी का जलस्तर 3 फीट घटा, तो जान जोखिम में डालकर जाफरगंज व एसएस कॉलेज पुल पार करने लगे लोग; प्रशासन की बैरिकेडिंग बेअसर

जहानाबाद की नदियों का जलस्तर घटने के बाद लोग जान हथेली पर रखकर पुलों को पार कर रहे हैं. प्रशासन द्वारा की गई बैरिकेडिंग और चेतावनियों को भी अनसुना किया जा रहा है. बाढ़ का पानी उतरने से कुछ इलाकों में राहत मिली है, लेकिन खेतों में डूबी फसलों से किसानों की चिंता बढ़ी है.

Jehanabad News: जिले की प्रमुख नदियों दरधा, मोरहर और बलदाइया के जलस्तर में पिछले 24 घंटों के दौरान ढाई से तीन फीट की उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है. पानी कम होने से जहानाबाद शहर सहित कई प्रमुख मुख्य मार्गों से बाढ़ का पानी उतर गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों और प्रशासन ने राहत की सांस ली है. शहर के खान बहादुर रोड से पाठक टोली जाने वाली सड़क, होरीलगंज से प्रेम नगर तथा श्याम नगर से शक्ति नगर जाने वाले मार्गों से पानी पूरी तरह हट चुका है और इन पर सामान्य आवागमन बहाल हो गया है.

पुलों पर अब भी तेज बहाव, जान हथेली पर रख आवाजाही

नदियों का जलस्तर थोड़ा कम होते ही लोग सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर अपनी जान जोखिम में डालने लगे हैं. जहानाबाद शहर के जाफरगंज पुल, एसएस कॉलेज पुल तथा शकूराबाद बाजार के निकट बने पुलों पर अभी भी लगभग 3 फीट ऊंचा पानी तेज धारा के साथ बह रहा है. उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को इन पुलों पर 5 से 6 फीट तक पानी बह रहा था. जलस्तर थोड़ा घटते ही लोग जान हथेली पर रखकर इन पुलों के ऊपर से पैदल व दोपहिया वाहनों से गुजर रहे हैं, जहां जरा सा भी संतुलन बिगड़ने पर तेज बहाव में बहने का गंभीर खतरा बना हुआ है.

ठाकुरबारी के संगम तट पर पानी घटने के बाद की स्थिति| Prabhat Khabar Network

प्रशासन की चेतावनी और बैरिकेडिंग की अनदेखी

जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के मद्देनजर इन सभी जलमग्न पुलों के दोनों छोरों पर मजबूत बैरिकेडिंग की गई है और आम नागरिकों को तेज धारा वाले पानी से दूर रहने की सख्त हिदायत दी जा रही है. इसके बावजूद लोग प्रशासनिक दिशा-निर्देशों और चेतावनियों को अनसुना कर बैरिकेडिंग लांघकर आवाजाही कर रहे हैं. राजाबाजार जाने वाली सड़क के कुछ हिस्सों में अब भी जलभराव बना हुआ है, जबकि जाफरगंज, गोरक्षणी, धनगामा, एसएस कॉलेज और डीएवी स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं व आम राहगीरों को लंबा चक्कर काटकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है.

प्रेमनगर मार्ग से पानी हटाने के बाद आवाजाही करते लोग| Prabhat Khabar Network

घरों में लौटने लगे लोग, खेतों में डूबी फसल से बढ़ी चिंता

जलस्तर घटने से जाफरगंज, होरीलगंज और अंबेडकर नगर के निचले इलाकों के कई घरों से पानी उतर गया है और विस्थापित परिवार अपने आशियानों में वापस लौटने लगे हैं. हालांकि, नदी किनारे स्थित घरों में अब भी पानी भरा हुआ है. जिले के पश्चिमी और दक्षिणी ग्रामीण इलाकों के चारों ओर और खेतों में अब भी भारी जलजमाव बना हुआ है, जिससे हजारों एकड़ में लगी धान की फसल डूबकर बर्बाद होने की कगार पर है. जहानाबाद की नदियों का जलस्तर पड़ोसी राज्य झारखंड के जलग्रहण क्षेत्रों में होने वाली बारिश पर निर्भर है; यदि वहां दोबारा भारी बारिश होती है, तो नदियों में जलस्तर फिर से बढ़ने का खतरा मंडरा रहा है.

Also Read: जहानाबाद: अपराधियों और ट्रैफिक उल्लंघनकर्ताओं पर पुलिस की सख्ती; देर रात चला 'रोको-टोको अभियान', दर्जनों वाहनों से ₹81,500 जुर्माना वसूला

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अनुराग

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >