जहानाबाद में बाजार निकली युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता: परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका, 2 महिलाओं समेत 5 पर FIR

जहानाबाद में बाजार के लिए निकली एक युवती रहस्यमय तरीके से लापता हो गई है. परिजनों को अपहरण की आशंका है और उन्होंने दो महिलाओं सहित पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Jehanabad News: जिले के नगर थाना क्षेत्र से बाजार के लिए निकली एक युवती के अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता के पिता के अनुसार, युवती जरूरी सामान खरीदने की बात कहकर घर से बाजार के लिए निकली थी. जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वह देर शाम तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी और परिवार में अफरा-तफरी मच गई.

नाते-रिश्तेदारों में की गई खोजबीन, अगवा करने की जताई आशंका

काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने सगे-संबंधियों, परिचितों और सभी संभावित स्थानों पर युवती की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. नगर थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रहने वाले पीड़ित पिता ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को लिखित आवेदन सौंपा है. पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री को सुनियोजित साजिश के तहत बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया गया है.

दो महिलाओं सहित 5 नामजदों के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी

पीड़ित पिता की शिकायत के आधार पर नगर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपहरण की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. इस मामले में तीन पुरुष और दो महिलाओं सहित कुल पांच लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. परिजनों का आरोप है कि इन सभी नामजद आरोपियों ने मिलकर युवती को गायब करने की साजिश रची है.

युवती की सकुशल बरामदगी के लिए छापेमारी तेज: नगर थाना पुलिस

मामले में केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी और युवती की तलाश शुरू कर दी है. नगर थाना पुलिस ने कहा, "पीड़ित पिता के आवेदन के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. युवती की सकुशल बरामदगी और नामजद आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा."

Also Read: जहानाबाद में पैर पर गत्ता लपेटकर मरीज रेफर करने पर बड़ा एक्शन: 3 डॉक्टरों पर विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा, हुलासगंज प्रभारी से मांगा जवाब

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >