Jehanabad News : जहानाबाद जिले के घोसी प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) घोसी में 32वीं राज्यस्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के तहत विज्ञान शिक्षकों के लिए एक दिवसीय विज्ञान कार्यशाला आयोजित की गयी. कार्यशाला का मुख्य विषय ‘निरंतरता के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ रहा. इसमें मध्य एवं उच्च विद्यालयों के विज्ञान शिक्षकों ने भाग लिया.
समस्याओं पर आधारित परियोजनाओं के लिए करें प्रेरित
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आफाक अंसारी ने विज्ञान शिक्षा को प्रयोगात्मक और नवाचार आधारित बनाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने में विज्ञान परियोजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को स्थानीय समस्याओं और दैनिक जीवन से जुड़े मुद्दों पर आधारित परियोजनाएं तैयार करने के लिए प्रेरित करने की अपील की.
परियोजना चयन और पंजीकरण की दी जानकारी
प्रशिक्षक अरुण कुमार, अंजनी कुमार एवं बेटकटेश कुमार ने बाल विज्ञान कांग्रेस के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी. उन्होंने निर्धारित विषय के तहत परियोजना के लिए विषय चयन, परियोजना तैयार करने, पंजीकरण प्रक्रिया और आवश्यक दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तार से बताया. प्रशिक्षकों ने कहा कि विद्यार्थियों को ऐसी परियोजनाओं के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, जिनसे स्थानीय समस्याओं का वैज्ञानिक तरीके से समाधान खोजने और नवाचार को बढ़ावा देने में मदद मिले.
अधिक से अधिक विद्यार्थियों को जोड़ने पर जोर
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर वैज्ञानिक दृष्टिकोण, शोध और नवाचार की प्रवृत्ति को बढ़ावा देना तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को बाल विज्ञान कांग्रेस से जोड़ना रहा. कार्यशाला में शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की और परियोजना कार्य से जुड़ी आवश्यक जानकारी प्राप्त की. शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन देने के लिए विभिन्न तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक पहलुओं को भी समझा.
