Jehanabad Bus Accident : जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सदर अस्पताल जहानाबाद पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने वीरूपुर गांव निवासी राजवीर को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल रघुवीर को प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया.
दशकर्म कार्यक्रम में जाने के लिए निकले थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, राजवीर के घर में रविवार को दशकर्म का कार्यक्रम था. इसी सिलसिले में राजवीर और रघुवीर बाइक से वीरूपुर गांव से घोसी बाजार की ओर जा रहे थे. दोनों जैसे ही हाई स्कूल के समीप पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी.
टक्कर के बाद सड़क पर गिरकर घायल हुए युवक
बस की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे.
अस्पताल में राजवीर को चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
परिजन दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद लेकर पहुंचे. यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद राजवीर को मृत घोषित कर दिया. वहीं रघुवीर की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया.
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
राजवीर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया गया कि राजवीर अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Also Read : रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने बुजुर्ग ठेला चालक को कुचला, मौत; NH-22 जाम
