बिजली चोरी के खिलाफ चलाए गए अभियान में 37 लोगों पर प्राथमिकी, 11 लाख से ज्यादा का जुर्माना लगाया

जहानाबाद में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग का सघन अभियान जारी है. अगस्त माह में 37 बिजली चोरी के मामले दर्ज हुए हैं, जिन पर 11 लाख से अधिक का जुर्माना लगाया गया है. वहीं, 277 बकायेदारों के बिजली कनेक्शन भी काटे गए हैं.

jehanabad News : जहानाबाद में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और बकाया राशि की वसूली को लेकर विद्युत विभाग ने जिले में विशेष जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया है. जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में अगस्त माह में 11 अगस्त तक बिजली चोरी के 37 मामलों में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. इन उपभोक्ताओं पर कुल 11 लाख 1 हजार 549 रुपये का जुर्माना लगाया गया है.

10 टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में की छापेमारी

विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, जहानाबाद के विद्युत कार्यपालक अभियंता ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिले में 10 अलग-अलग टीमों का गठन किया है. ये टीमें विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जांच और छापेमारी कर रही हैं. विभाग का उद्देश्य बिजली चोरी पर रोक लगाने के साथ बकाया राशि की वसूली करना भी है.

कृषि कार्य में अवैध मोटर चलाने पर 11 पर केस

धान की रोपनी के दौरान कृषि कार्य के लिए कुछ स्थानों पर चाइनीज तार के जरिए अवैध रूप से मोटर चलाने के मामले भी सामने आए हैं. वहीं, ऑटोमैटिक स्टार्टर के इस्तेमाल से मोटर लगातार चलते रहने के कारण विद्युत भार बढ़ने की समस्या भी सामने आ रही है. कृषि कार्य के लिए अवैध रूप से मोटर चलाने के मामले में इस माह 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गयी है.

277 बकायेदारों के काटे गये बिजली कनेक्शन

बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं पर भी शिकंजा कसा है. जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इस माह 277 बकायेदारों के विद्युत कनेक्शन काटे गये हैं. विभाग ने चेतावनी दी है कि कनेक्शन कटने के बाद बिना बकाया राशि जमा किए या नियमानुसार कनेक्शन बहाल कराए बिना बिजली का उपयोग करते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

विभाग ने उपभोक्ताओं से की अपील

विद्युत विभाग ने जिलेवासियों से बिजली चोरी नहीं करने, अवैध कनेक्शन और असुरक्षित तारों का इस्तेमाल नहीं करने तथा बकाया बिजली बिल का समय पर भुगतान करने की अपील की है. विभाग के अनुसार बिजली चोरी दंडनीय अपराध होने के साथ-साथ विद्युत व्यवस्था और निर्बाध बिजली आपूर्ति को भी प्रभावित करती है.

ALSO READ: जहानाबाद में तेज रफ्तार कार ने बाइक में मारी टक्कर, युवक की मौत, दो गंभीर



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >