अरवल: कलेर में परिवार नियोजन पखवाड़े का दिख रहा असर, 11 लोगों ने अपनाया स्थायी परिवार नियोजन का तरीका

कलेर सीएचसी में परिवार नियोजन पखवाड़ा के तहत 11 लोगों ने स्थाई साधन अपनाए. सरकार नसबंदी पर दे रही है प्रोत्साहन राशि, जानें पूरी जानकारी.

Arwal News: कलेर प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 11 जुलाई से 31 जुलाई तक परिवार नियोजन पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान का सकारात्मक असर अब देखने को मिल रहा है. अभियान के दौरान अब तक 11 लोगों ने स्थायी परिवार नियोजन का तरीका अपनाया है.

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नंद बिहारी शर्मा ने बताया कि परिवार नियोजन पखवाड़ा के दौरान योग्य दंपतियों को स्थायी एवं अस्थायी परिवार नियोजन साधनों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है. उन्होंने बताया कि प्रत्येक सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में परिवार नियोजन शिविर का आयोजन किया जाता है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में सुरक्षित तरीके से नसबंदी ऑपरेशन किया जाता है.

10 महिलाओं और एक पुरुष ने कराई नसबंदी

डॉ. शर्मा ने बताया कि पखवाड़ा शुरू होने के बाद अब तक कुल 11 लोगों ने स्थायी परिवार नियोजन को अपनाया है, जिनमें 10 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं. उन्होंने कहा कि यह इस बात का संकेत है कि अब पुरुष भी परिवार नियोजन की जिम्मेदारी निभाने के लिए आगे आ रहे हैं.

सरकार दे रही है प्रोत्साहन राशि

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है. पुरुष नसबंदी कराने वाले लाभार्थी को तीन हजार रुपये तथा महिला नसबंदी कराने वाली लाभार्थी को दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है.

उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने में आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है. योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन के लिए प्रेरित करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को भी विभाग की ओर से निर्धारित प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जाती है.

गांव-गांव चलाया जा रहा जागरूकता अभियान

डॉ. शर्मा ने कहा कि आशा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर परिवार नियोजन के लाभों के बारे में लोगों को जागरूक कर रही हैं. इसके परिणामस्वरूप लोगों में परिवार नियोजन के प्रति पहले की अपेक्षा अधिक जागरूकता और रुचि देखने को मिल रही है.

उन्होंने उम्मीद जताई कि 31 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान और अधिक योग्य दंपति परिवार नियोजन को अपनाएंगे.

योग्य दंपतियों से की अपील

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने योग्य दंपतियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की भ्रांति या झिझक को छोड़कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लें और परिवार नियोजन अपनाकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं खुशहाल परिवार के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anjani kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >