Jehanabad News : जहानाबाद में सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर जिले के प्रमुख शिवालयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए मंदिरों में सुरक्षा और सुविधा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. खासकर वाणावर पहाड़ी स्थित ऐतिहासिक बाबा सिद्धनाथ मंदिर में संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है.
भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
बाबा सिद्धनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित करने और उन्हें सुरक्षित तरीके से दर्शन कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है. भीड़ नियंत्रण के साथ यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और मंदिर परिसर की अन्य सुविधाओं को दुरुस्त किया गया है. अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया गया है.
रविवार को भी उमड़ा आस्था का जनसैलाब
सावन के अंतिम रविवार को वाणावर पहाड़ी स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की. पूरे दिन मंदिर परिसर और वाणावर पहाड़ी क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा.
अहले सुबह से पहुंचने लगे श्रद्धालु
श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचने का सिलसिला अहले सुबह से ही शुरू हो गया था. पहाड़ी क्षेत्र में मौजूद प्राकृतिक जलस्रोतों में स्नान करने के बाद श्रद्धालु बाबा सिद्धनाथ मंदिर पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना की. मंदिर के मुख्य द्वार पर जिला प्रशासन की ओर से लगाए गए अर्घा सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध तरीके से जलाभिषेक किया.
चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मंदिर परिसर, पहाड़ी मार्ग, पार्किंग स्थल और प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है. प्रशासन की ओर से भीड़ की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि अंतिम सोमवारी के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और दर्शन एवं जलाभिषेक की व्यवस्था सुचारू बनी रहे.
