jehanabad News : कलेर के दाउदनगर थाना क्षेत्र के मौला बाग निवासी 22 वर्षीय धीरज कुमार का शव शुक्रवार को मेहंदिया थाना क्षेत्र के हरदिया के पास मुख्य सोन कैनाल में तैरता मिला. बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम नहर किनारे शौच के दौरान पैर फिसलने से धीरज गहरे पानी में गिर गया था. इसके बाद से वह लापता था.
एसडीआरएफ ने भी की थी नहर में तलाश
परिजनों ने गुरुवार शाम धीरज के लापता होने की सूचना दाउदनगर थाने को दी थी. सूचना के बाद परिजनों के साथ एसडीआरएफ की टीम ने भी नहर में युवक की तलाश शुरू की. शुक्रवार शाम हरदिया के पास स्थानीय लोगों ने नहर में शव तैरते देखा और इसकी सूचना मेहंदिया थाना पुलिस को दी.
पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकाला
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नहर से बाहर निकाला. शव की पहचान मौला बाग निवासी मोहन डोम के पुत्र धीरज कुमार के रूप में हुई.
अपर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान और पहचान के आधार पर शव की पुष्टि धीरज कुमार के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में युवक की नहर में डूबने से मौत होने की आशंका है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अरवल सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
परिवार में मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही मौला बाग में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. युवक की मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
