जहानाबाद: चैतीपिपर हिंसा मामले में माले प्रतिनिधिमंडल ने DM से की मुलाकात, सौंपा 5 सूत्री ज्ञापन

जहानाबाद के चैतीपिपर गांव में हुए जानलेवा हमले के बाद भाकपा (माले) का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला. उन्होंने पांच सूत्री ज्ञापन सौंपकर घायलों के इलाज, मुआवजे और निष्पक्ष जांच की मांग की है.

जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र के चैतीपिपर गांव में बीते दिन हुए जानलेवा हमले में पांच लोगों के गंभीर रूप से घायल होने के मामले को लेकर भाकपा (माले) का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने घटना से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा. जिलाधिकारी ने सभी मांगों पर नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया.

माले नेताओं ने डीएम को सौंपा 5 सूत्री ज्ञापन

प्रतिनिधिमंडल में मगध प्रभारी कुमार परवेज, राज्य कमिटी सदस्य रविंद्र यादव, पूर्व मुखिया संजय चन्द्रवंशी, संतोष केशरी तथा पीड़ित परिवार की सदस्य रून्नी देवी शामिल थीं. प्रतिनिधिमंडल ने घटना की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवारों को राहत दिलाने की मांग की.

उच्चस्तरीय जांच और मुकदमे की समीक्षा की मांग

ज्ञापन में कहा गया कि हमले के दौरान हमलावरों की भीड़ में शामिल धीरज शर्मा की मौत हुई, लेकिन उसका आरोप अजय राम और विजय राम पर लगाया गया है. प्रतिनिधिमंडल ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की.

घायलों के इलाज और 10-10 लाख मुआवजे की मांग

माले नेताओं ने हमले में प्रभावित पांचों परिवारों को जिला प्रशासन की ओर से 10-10 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की. साथ ही सभी घायलों के पूरी तरह स्वस्थ होने तक सरकारी खर्च पर समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया.

गांव में पुलिस कैंप और अस्थायी स्कूल खोलने की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. इसलिए जब तक ग्रामीण चाहें, तब तक गांव में पुलिस कैंप बनाए रखा जाए. साथ ही बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने का हवाला देते हुए गांव में अस्थायी स्कूल संचालित करने की भी मांग की गई.

शौचालय और चापाकल की भी उठी मांग

ज्ञापन में गांव के गरीब परिवारों के लिए शौचालय निर्माण और पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु चापाकल लगाने की मांग भी शामिल की गई. जिलाधिकारी ने सभी मांगों पर विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mritunjay Jehanabad

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >