जहानाबाद में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के लिए चार दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जहानाबाद में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने के लिए चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है. इस प्रशिक्षण में अधिकारियों को मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल के माध्यम से डेटा संकलन के निर्देश दिए गए हैं.

Jehanabad District Census Handbook: भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने के लिए जिला पदाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के नेतृत्व में चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्लेक्स में किया गया. यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 से 23 जुलाई तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें चार बैचों में संबंधित पदाधिकारियों एवं क्षेत्र अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा.

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर उन्होंने जिला जनगणना हस्तपुस्तिका को जिले की सामाजिक, आर्थिक, जनसांख्यिकीय एवं आधारभूत संरचना से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज बताते हुए सभी पदाधिकारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता एवं शत-प्रतिशत शुद्धता के साथ आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल के माध्यम से होगा डाटा अपलोड

जिला पदाधिकारी ने सभी क्षेत्र अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मोबाइल ऐप एवं वेब पोर्टल के माध्यम से समयबद्ध एवं त्रुटिरहित डाटा अपलोड सुनिश्चित करें तथा निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन करें. प्रथम बैच के प्रशिक्षण में नगर परिषद जहानाबाद, नगर पंचायत मखदुमपुर, काको एवं घोसी तथा प्रखंड मखदुमपुर के सभी प्रतिनियुक्त क्षेत्र अधिकारी, अपर चार्ज अधिकारी एवं चार्ज अधिकारी शामिल हुए.

1 अगस्त से 30 अगस्त तक होगा आंकड़ों का संकलन

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि प्रतिनियुक्त क्षेत्र अधिकारी अपने-अपने आवंटित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 1 अगस्त से 30 अगस्त तक जिला जनगणना हस्तपुस्तिका-2027 के लिए मोबाइल ऐप अथवा वेब पोर्टल के माध्यम से विभिन्न जनसांख्यिकीय, सामाजिक, आर्थिक एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित आंकड़ों का व्यवस्थित संकलन एवं अपलोड करेंगे. इन आंकड़ों का संकलन निर्धारित संदर्भ तिथि के अनुसार किया जाएगा, जिससे जिला जनगणना हस्तपुस्तिका का सटीक एवं अद्यतन प्रकाशन सुनिश्चित किया जा सके.

कई पदाधिकारी और प्रशिक्षक रहे मौजूद

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त-सह-जिला जनगणना अधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-अपर जिला जनगणना अधिकारी, नोडल पदाधिकारी (प्रशिक्षण कोषांग-जनगणना), सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी तथा जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार, पटना से प्रतिनियुक्त प्रशिक्षक श्रुति शैलेश एवं सोनाली कुमारी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Mritunjay Jehanabad

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >