जहानाबाद में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई: छापेमारी में छह लोगों पर FIR, लाखों रुपये का जुर्माना

Bihar News: जहानाबाद में बिजली विभाग ने बड़ी कार्यवाई की. विभाग ने छापेमारी कर छह लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा. सभी आरोपितों पर प्राथमिकी दर्ज कर भारी जुर्माना लगाया गया है.

Bihar News:(सुनील शर्मा की रिपोर्ट) जहानाबाद जिले के घोसी प्रखंड क्षेत्र के फरिदपुरा गांव में बिजली चोरी के खिलाफ बिजली विभाग ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान विभाग की टीम ने कई घरों की जांच की, जिसमें छह लोग अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पकड़े गए. मामले को गंभीरता से लेते हुए जूनियर इलेक्ट्रिकल इंजीनियर शैलेश कुमार ने घोसी थाने में लिखित आवेदन देकर सभी आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.

शिकायत मिलने के बाद चला अभियान

जानकारी के अनुसार, विभाग को लगातार शिकायत मिल रही थी कि गांव के कुछ लोग बिजली मीटर को बायपास कर या अवैध कनेक्शन के जरिए बिजली का उपयोग कर रहे हैं. इसी सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने फरीदपुरा गांव में छापेमारी अभियान चलाया. जांच के दौरान कई घरों में बिजली चोरी की पुष्टि हुई. इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए जुर्माना निर्धारित किया.

आरोपितों पर लगाया गया भारी जुर्माना

बिजली चोरी के मामले में विभाग ने सभी आरोपितों पर अलग-अलग राशि का जुर्माना लगाया है.

  • सरस्वती देवी पर 84 हजार 265 रुपये
  • रामव्रत शर्मा पर 28 हजार 393 रुपये
  • नागेंद्र शर्मा पर 33 हजार 757 रुपये
  • श्यामल किशोर पर 50 हजार 935 रुपये
  • कौशल किशोर पर 74 हजार 626 रुपये
  • विपिन शर्मा पर 34 हजार 72 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

विभाग के अनुसार बिजली चोरी के कारण सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा था.

बिजली चोरी करने वालों को दी चेतावनी

जूनियर इलेक्ट्रिकल इंजीनियर शैलेश कुमार ने कहा कि बिजली चोरी रोकने के लिए विभाग लगातार अभियान चला रहा है. उन्होंने लोगों से वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली उपयोग करने और समय पर बिल भुगतान करने की अपील की. उन्होंने साफ कहा कि बिजली चोरी करते पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई के साथ भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा.

कार्रवाई के बाद गांव में हड़कंप

बिजली विभाग की इस कार्रवाई के बाद गांव में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक हुई छापेमारी से कई लोग डर गए. विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी क्षेत्र में जांच अभियान जारी रहेगा और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Also Read:सम्राट कैबिनेट के इस फैसले से बदल जाएगी बिहार की तस्वीर, इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट को लेकर तैयार हुआ प्लान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By raginisharma

raginisharma is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >