रौनक राज डेयरी शॉप के संचालक कौशल कुमार, निवासी डहरपुर गांव के साथ सिगरेट के पैसे मांगने पर मारपीट और नकदी छीनने का मामला सामने आया है. घटना के संबंध में पीड़ित ने घोसी थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. कौशल कुमार ने बताया कि उनकी डेयरी दुकान पर गांव के ही दो युवक पहुंचे थे. दोनों ने दुकान से सिगरेट ली. जब उन्होंने सिगरेट के पैसे मांगे तो दोनों युवक गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने मिलकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनके गले में रखा करीब 50 हजार रुपये भी छीन लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए.
स्थानीय लोगों ने की मदद
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए ले जाया गया. इस संबंध में कौशल कुमार ने घोसी थाना में लिखित आवेदन देकर दोनों नामजद आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद घोसी बाजार के दुकानदारों में भी चिंता का माहौल है. व्यापारियों ने पुलिस से बाजार क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
