जहानाबाद : जिले के मोदनगंज प्रखंड के ओकरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों के भविष्य निधि मद में जालसाजी कर 21 लाख से अधिक रुपयों की अवैध निकासी किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. इस मामले का भंडाफोड़ होने पर ओकरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के वर्तमान प्रभारी डाॅ विनोद कुमार चौधरी ने ओकरी ओपी (घोसी थाने) में एफआइआर दर्ज कराया है.
इसमें पीएचसी के पूर्व प्रभारी डाॅ इकबाल हैदर, प्रधान लिपिक रमेश कुमार, जहानाबाद के वरीय कोषागार पदाधिकारी सह जिला भविष्य निधि पदाधिकारी रामसुखित राय, कोषागार के प्रभारी प्रधान सहायक वीरेंद्र कुमार सिंह, तत्कालीन प्रधान सहायक रमेश शर्मा, डाटा इंट्री ऑपरेटर मो अजहर आलम, उमाकांत लाल सहित कुल 11 लोगों को अभियुक्त बनाया गया है.
अनुसंधान में जुटी पुलिस
घोसी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले का अनुसंधान शुरू कर दिया है. प्राप्त खबर के अनुसार जिलाधिकारी को सूचना मिली थी कि ओकरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों के भविष्य निधि मद के नाम पर भारी पैमाने पर अवैध निकासी कर वित्तीय अनियमितता बरती गयी है. डीएम ने मामले संज्ञान में आने के बाद तहकीकात करायी और अंतत: एफआइआर की कार्रवाई की गयी है.
प्राथमिकी के सूचक पीएचसी के वर्तमान प्रभारी विनोद कुमार चौधरी ने दर्ज एफआइआर में उल्लेख किया है कि एक साजिश के तहत सरकारी रुपयों की अवैध निकासी की गयी है. बताया गया है कि बुनियादी स्वास्थ्य कार्यकर्ता पवन कुमार के नाम पर 5 लाख 19 हजार 454, तत्कालीन बुनियादी स्वास्थ्य कार्यकर्ता जगदीश प्रसाद के नाम पर 7 लाख 11 हजार 980, प्रयोगशाला इंचार्ज रामानंद प्रसाद सिंह के नाम पर 42 हजार 827, स्वीपर जगलाल डोम के नाम पर 6 लाख 42 हजार, कार्यालय परिचारी सूरज कुमार के नाम पर 2लाख 17 हजार 297 रुपये की निकासी की गयी है. पीएचसी के पूर्व प्रभारी , स्वास्थ्य कर्मी, कोषागार के पदाधिकारी और कर्मचारियों की इसमें संलिप्तता रहने का एफआइआर में आरोप लगाया गया है.
