211 पदों के लिए अब तक जमा हो चुके हैं पांच हजार से अधिक आवेदन
4 जून है आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख
जहानाबाद नगर : उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए सरकार द्वारा गेस्ट टीचर बहाली का निर्णय लिया गया है. इसके लिए सभी जिलों में आवेदन भी जमा कराये जा रहे हैं. जिले में गेस्ट टीचर का 211 पद रिक्त है जिस पर बहाली होनी है. इसके लिए आवेदन जमा करने का काम कराया जा रहा है. आदर्श मध्य विद्यालय ऊंटा में अलग-अलग विषयों के लिए अलग-अलग काउंटर खोले गये हैं जहां संबंधित विषयों के गेस्ट टीचर बनने के लिए अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन जमा कराये जा रहे हैं. आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 4 जून है. हालांकि अब तक 5 हजार से अधिक आवेदन जमा हो चुके हैं. गेस्ट टीचर बनने के लिए बी-टेक पास अभ्यर्थी भी दौड़ में शामिल हैं. काफी संख्या में बी-टेक पास अभ्यर्थी गेस्ट टीचर बनने के लिए आवेदन जमा करा रहे हैं.
बुधवार को इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉ प्रियनंदन प्रसाद ने बताया कि गणित विषय के लिए 1700 से अधिक, फिजिक्स के लिए 1500 से अधिक, केमिस्ट्री के लिए 1500 से अधिक अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन जमा कराये गये हैं. जबकि बॉटनी के लिए 72, जूलॉजी के लिए 143 तथा अंग्रेजी के लिए 113 अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन जमा कराये गये हैं. आवेदन जमा कराने के लिए अभ्यर्थियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि 10 हजार से अधिक अभ्यर्थियों द्वारा गेस्ट टीचर बनने के लिए आवेदन जमा कराये जायेंगे.
