गरीब परिवार के लोगों को चलंत शौचालय की सुविधा मिलेगी
जहानाबाद : शहर के विभिन्न वार्डों में रहने वाले वैसे गरीब परिवार के लोगों को चलंत शौचालय की सुविधा मिलेगी, जिनके घरों में न तो शौचालय है और न ही टाॅयलेट बनाने के लिए जमीन. गुरुवार को नगर पर्षद कार्यालय में मुख्य पार्षद पूनम देवी की अध्यक्षता में कमेटी की बैठक में कई प्रस्ताव पास […]
जहानाबाद : शहर के विभिन्न वार्डों में रहने वाले वैसे गरीब परिवार के लोगों को चलंत शौचालय की सुविधा मिलेगी, जिनके घरों में न तो शौचालय है और न ही टाॅयलेट बनाने के लिए जमीन. गुरुवार को नगर पर्षद कार्यालय में मुख्य पार्षद पूनम देवी की अध्यक्षता में कमेटी की बैठक में कई प्रस्ताव पास किये गये. बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी संजीव कुमार, उप मुख्य पार्षद मो कलामउद्दीन, कमेटी की सदस्य रीता देवी, रेशमी देवी और ममता देवी उपस्थित थीं.
नगर पर्षद क्षेत्र में वर्ष 2016-2018 के बीच स्वच्छ भारत मिशन के तहत 4327 शौचालय निर्माण की स्वीकृति के आलोक में शौचालय बनाने का काम चल रहा है. इसके लिए प्रशासन के द्वारा सहयोग राशि के रूप में लाभान्वित को 12 हजार रुपये दिये जाते हैं. इसके अलावा वैसे लोगों के लिए सामूहिक रूप से शौचालय निर्माण करने की योजना है, जिनके घर में शौचालय नहीं है और न ही जमीन. सरकार के द्वारा सामुदायिक शौचालय बनाने के लिए जमीन उपलब्ध नहीं कराया जा रही है. फिलहाल बैठक में यह निर्णय लिया गया कि नगर विकास विभाग के आदेश के आलोक में जरूरतमंद लोगों को चलंत टाॅयलेट की सुविधा दी जाये.
300 चलंत शौचालयों की होगी खरीदारी : शौचालय व भूमिविहीन लोगों को पहले चिह्नित किया जा रहा है. स्थल निरीक्षण कर सत्यता पाये जाने पर फिलहाल करीब 300 लोगों के लिए चलंत शौचालय की खरीदारी कर उनके घरों के पास इसकी सुविधा बहाल करने का निर्णय लिया गया है. सरकार की इस योजना के धरातल पर उतर जाने से गरीब परिवार के लोग खुले में शौच नहीं करेंगे. चलंत शौचालय की समय-समय पर सफाई भी करायी जायेगी. ऐसी सुविधा बहाल हो जाने से सरकार के स्वच्छ भारत मिशन को सफलता मिलेगी.
अलगना पइन की उड़ाही के लिए खरीदी जायेगी अतिरिक्त जेसीबी : बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अलगना पइन की उड़ाही के लिए एक अतिरिक्त जेसीबी की खरीदारी की जाये. फिलहाल नगर पर्षद के पास एक ही जेसीबी उपलब्ध है, जिससे लंबे-चौड़े भाग में फैले अलगना नाला की उड़ाही करने में परेशानी हो रही है. एक अतिरिक्त जेसीबी की खरीदारी हो जाने पर नाला उड़ाही को गति मिलेगी और लोगों को गंदगी एवं जल-जमाव की समस्या से काफी हद तक निजात. नगर पर्षद की दुकानों के एकरारनामे की अवधि तय करने पर विमर्श हुआ.
इसके अलावा विभिन्न वार्डों में आवश्यक जनोपयोगी योजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर दिया गया. पूर्व में चयनित योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति देने पर विचार की गयी. साथ ही निचली मेन रोड और मलहचक रोड में नाली पर जाली लगाने संबंधित प्रस्ताव पारित किये गये.