शामिल होंगे 15 हजार से अधिक विद्यार्थी
जहानाबाद नगर : जिले में शुक्रवार से मैट्रिक प्री-बोर्ड की परीक्षा आरंभ होगी. इसके लिए सभी माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में तैयारी पूरी कर ली गयी है. मैट्रिक प्री-बोर्ड परीक्षा में 15 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे. इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रियनंदन प्रसाद ने बताया कि इस वर्ष वार्षिक माध्यमिक परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थी प्री-बोर्ड की परीक्षा में शामिल होंगे. प्री-बोर्ड की परीक्षा में पास होना अनिवार्य है. परीक्षा के उपरांत स्कूल द्वारा छात्र-छात्राओं का रिजल्ट बोर्ड को भेजा जायेगा.
उन्होंने बताया कि मैट्रिक प्री-बोर्ड की परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षक संघ द्वारा तिथि का निर्धारण किया जाता है. प्रश्न-पत्र भी संघ द्वारा ही उपलब्ध कराया जाता है.
उन्होंने कहा कि प्री-बोर्ड की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ माहौल में हो इसके लिए विभागीय अधिकारी स्कूलों में घूम-घूम कर इसका जायजा लेंगे.
