जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम ने दिये कई आवश्यक निर्देश
गर्भवती महिलाओं को समय पर टीका लगवाना करें सुनिश्चित
जहानाबाद नगर : मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाये. इसके लिए स्वस्थ डिलिवरी कराना सुनिश्चित करायी जाये. उक्त निर्देश जिला पदाधिकारी आलोक रंजन घोष ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में दिया.
उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि स्वस्थ डिलिवरी के लिए हर पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर एक डाटा तैयार करायी जाये जिसमें उस इलाके से सभी गर्भवती महिलाओं की जानकारी हो. उस डाटा के आधार पर ही गर्भवती महिलाओं की देखभाल की जाये. उन्हें समय पर टीका लगाना सुनिश्चित करायी जाये.
साथ ही उन्हें अस्पताल में प्रसव कराने के लिए जागरूक किया जाये. अस्पताल में प्रसव होने के बाद जच्चा-बच्चा दोनों का अच्छी तरीके से देखभाल की जाये ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम हो. बैठक में हेल्थ एजुकेटर को निर्देश दिया गया कि हर ब्लॉक में प्रत्येक मंगलवार को मीटिंग होती है जिसमें आशा और एएनएम को स्वस्थ डिलिवरी के लिए प्रशिक्षित किया जाये. साथ ही बेहतर करने वाले आशा और एएनएम का चयन कर उन्हें दूसरे प्रखंडों में प्रशिक्षण देने के लिए भेजी जाये. डीएम ने स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को कहा. बैठक में विभागीय अधिकारी के साथ सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं जिला स्वास्थ्य समिति के कर्मी उपस्थित थे
