जहानाबाद/मसौढ़ी : धनरूआ थाने के पभेड़ी मोड़ के पास बुधवार की सुबह अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गयी. युवक की पहचान जहानाबाद के घोसी थाने के गंधार निवासी राजीव नयन के 20 वर्षीय पुत्र प्रेम सुंदरम के रूप में हुई. धनरूआ पुलिस मौके पर नहीं पहुंची. इससे ग्रामीण आक्रोशित हो गये और पटना-गया मार्ग को जाम कर हंगामा करने लगे. बाद में मौके पर पहुंची पुलिस व स्थानीय कुछ ग्रामीणों की पहल के बाद लोगों को समझा कर करीब नौ बजे सुबह जाम समाप्त कराया गया. इस संबंध में मृतक के चचेरे भाई नीरज कुमार के बयान पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया. जानकारी के अनुसार ईंट भट्टे का व्यवसाय करने वाला प्रेम सुंदरम बुधवार को व्यवसाय संबंधी कार्य से घर से बुधवार की सुबह बाइक से पटना जा रहा था .इसी बीच पटना की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में धक्का मार दिया. हादसे में बाइक पर सवार प्रेम सुंदरम की मौके पर ही मौत हो गयी . हादसे में उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गयी है. इधर घटनास्थल से महज दो किलोमीटर पर स्थित धनरूआ थाना की पुलिस सूचना देने के बाद भी एक घंटा तक नहीं पहुंची. इससे ग्रामीण आक्रोशित हो गये और सड़क जाम कर दी .
