लूट का विरोध करने पर की थी हत्या

अंतरजिला वाहन लुटेरा गिरोह ने दिया घटना को अंजाम जहानाबाद : नगर थाना क्षेत्र के कड़ौना ओपी से उत्तर एनएच 83 पर गया की टूर एंड ट्रेवल्स एजेंसी के संचालक राजेश राय की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. उनकी इनोवा कार लूटने के लिए लुटेरों ने धारदार हथियार से मार […]

अंतरजिला वाहन लुटेरा गिरोह ने दिया घटना को अंजाम
जहानाबाद : नगर थाना क्षेत्र के कड़ौना ओपी से उत्तर एनएच 83 पर गया की टूर एंड ट्रेवल्स एजेंसी के संचालक राजेश राय की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. उनकी इनोवा कार लूटने के लिए लुटेरों ने धारदार हथियार से मार कर संचालक की हत्या कर दी थी.
एक सप्ताह के भीतर वैज्ञानिक तरीके से किये जा रहे अनुसंधान और दोबारा लूट की योजना बनाने की मिली सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर वाहन लुटेरा गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की है. अंतरजिला गिरोह के गिरफ्तार पांच लुटेरों के पास से दो पिस्तौल, पांच कारतूस, सात मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिलें, खून लगे हुए कपड़े, रस्सी, टेप एवं अपराध के लिए प्रयुक्त हथियार का टूटा हुआ भाग जब्त किया गया है. पूछताछ के दौरान अपराधियों ने राजेश राय की हत्या की बात स्वीकार की है. पुलिस के समक्ष कबूल किया है कि उसका गिरोह किराये पर गाड़ियां ठीक करता था और ड्राइवर की हत्या कर वाहन ले भागता था.
गिरफ्तार अपराधियों में पटना जिले के खगौल थाना क्षेत्र के मोतीचक का निवासी रइस यादव, सारण जिले के तरैया थानांतर्गत डुमरी निवासी सूरजभान सिंह, दानापुर (पटना) थाने के चित्रगुप्त नगर तकिया पर के अमन कुमार सिंह और चिंटू कुमार उर्फ सोनू सिंह एवं नालंदा जिले के हिलसा थानांतर्गत बिहारी रोड तेलिया दुर्गास्थान के समीप के निवासी विक्की कुमार शामिल हैं. घटना को अंजाम देने में शामिल गिरोह के सुरेश और नीरज समेत अन्य अपराधियों को पकड़ने के लिए उसके संदिग्ध ठिकानों का छापेमारी की जा रही है. रविवार को एसपी मनीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी. इस मौके पर एएसपी संजय कुमार सिंह, एसडीपीओ प्रभात भूषण श्रीवास्तव और एएसपी अभियान अनिल कुमार सिंह मौजूद थे.
गया रेलवे स्टेशन की पार्किंग से किराये पर ली थी कार :एसपी ने बताया कि लुटेरा गिरोह के अमन कुमार सिंह और सुरेश ने 28 अक्तूबर की शाम गया रेलवे स्टेशन की पार्किंग से ट्रेवल्स संचालक राजेश राय की इनोवा कार किराये पर ठीक की थी. राजेश गया के डेल्हा थानांतर्गत बैरागीरोड, हरिजन मंदिर मोहल्ले में रहते थे.
वे बक्सर जिले के सिमरी निवासी वाचसपति राय के पुत्र थे. गाड़ी एजेंसी संचालक राजेश खुद चला कर पटना ले गये थे. पटना पहुंचने पर भाड़े की उक्त गाड़ी में रइस यादव, सूरजभान सिंह, चिंटू उर्फ सोनू और पटना जिले के उसरी-शाहपुर निवासी नीरज कुमार सवार हुए थे. इनोवा पर सवार सभी छह लोग योजना के अनुसार रात पटना से गया के लिए वापस लौट रहे थे और कड़ौना ओपी से उत्तर एनएच 83 पर चालक की हत्या कर गाड़ी ले भागे थे.
राजेश ने किया था विरोध :पुलिस के समक्ष अपने स्वीकारोक्ति बयान में अपराधियों ने कबूल किया है कि पटना से गया लौटने के दौरान कड़ौना ओपी क्षेत्र में इनोवा चालक सह मालिक राजेश ने लूट के दौरान अपराधियों का विरोध किया था. तब उस पर गोली चलायी गयी थी जो नहीं लगी. इसके बाद धारदार हथियार से गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर लाश सड़क पर फेंक दिया गया था और इनोवा कार लेकर भागा था, लेकिन पुलिस को पीछा करते देख कार को काको थाना क्षेत्र के सुखदेव बिगहा के निकट एक ईंट-भट्ठे के पास गाड़ी छोड़ कर अपराधियों का गिरोह भागा था. बयान के आधार पर कार से रस्सी, टेप तथा खोखा बरामद हुआ था.
हत्या के बाद दो अपराधी भाग गये थे पटना :हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद पुलिस की गाड़ी आते देख आरोपित सूरजभान और नीरज घटनास्थल पर ही इनोवा कार से उतर कर पैदल भाग गये थे. बाद में मोबाइल से फोन कर नालंदा के बिहारी रोड निवासी विक्की को बुलाया गया था, जो रात में ही बाइक लेकर आया था और तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर पटना चले गये थे. इधर चार अपराधी इनोवा लेकर काको की ओर भाग गये थे, जो पुलिस को पीछा करते देख गाड़ी को ईंट-भठ्ठे के समीप छोड़ कर भाग गये थे.
इन कांडों में रही है संलिप्तता :गिरफ्तार अपराधियों ने इसके पूर्व भी विभिन्न जिलों में कई अापराधिक घटनाओं को अंजाम दिये हैं. एसपी ने बताया कि करीब तीन माह पूर्व अरवल जिले में एक लूटकांड को इन अपराधियों ने अंजाम दिया था.
इस संबंध में बैदराबाद थाना कांड सं 152/17 अंकित है. इसके अलावा पटना के दानापुर में व्यवसायी से लूट, नालंदा जिले के एकंगरसराय में कैश वैन को लूटने का प्रयास करने और एक मोटरसाइकिल को लूटने की बात भी अपराधियों ने स्वीकार की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >