जहानाबाद : गया के ट्रेवल्स एजेंसी के मालिक व्यवसायी राजेश राय की हत्या की तकनीकी एवं वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू हो गयी है. दर्ज प्राथमिकी के आलोक में कड़ौना ओपी के प्रभारी और कांड के अनुसंधानकर्ता राजाराम को मामले की जांच कर रहे हैं. मामले का तकनीकी सर्विलांस के सहयोग से त्वरित उद्भेदन करने के लिए एसपी मनीष ने दो टीमों का गठन किया है.
पहली टीम एएसपी संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित की गयी है जिसमें एसआई संजय शंकर कड़ौना ओपी के एसएचओ राजाराम और डीआईयू के गुड्डु कुमार को शामिल किया गया है. दूसरी टीम एसडीपीओ प्रभात भूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित हुई है जिसमें नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर एसके शाही के अलावा एसआई मनीष कुमार और डीआईयू के सत्येंद्र कुमार को रखा गया है. उक्त दोनों टीमों ने अपने-अपने स्तर से जांच शुरू कर दी है. प्रक्रिया पूरी होने पर जांच रिपोर्ट एसपी को सौंपी जायेगी.
बता दें कि 28 अक्तूबर की रात करीब 10 बजे अपराधियों ने पटना से गया लौटने के क्रम में गया की ट्रेवल्स एजेंसी के मालिक राजेश राय की हत्या कर दी थी और इनोवा गाड़ी ले भागी थी. दूसरे दिन सुबह अगवा गाड़ी काको थाना क्षेत्र के सुखदेव बिगहा गांव के समीप एक ईंट भट्ठे के पास से लावारिस हालत में बरामद हुई थी.
